21जेएनडी12 : योग करते हुए खिलाड़ी यशोदा। स्रोत स्वयं
जींद। जींद की कैमिस्ट्री टीचर यशोदा आर्या ने अंबाला में आयोजित राज्यस्तरीय योग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता है। खेल विभाग और आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 450 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें 10 साल से 60 साल और इससे ऊपर के अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों के बीच मुकाबले हुए।
यशोदा आर्या ने 40 से ऊपर के आयु वर्ग में ट्रेडिशनल इवेंट में भाग लिया और प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त करते हुए गोल्ड मेडल जीता। दूसरे नंबर पर भिवानी की अंजू रही। यशोदा आर्या ने बताया कि अंबाला कैंट के आनंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 11वें योगा दिवस के उपलक्ष्य में यह प्रतियोगिता हुई थी।
इस प्रतियोगिता में वही खिलाड़ी भाग ले रहे थे, जिन्होंने पिछले महीने जिलास्तरीय प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया था। हालांकि इस प्रतियोगिता का आयोजन पहले करनाल में होना था, लेकिन करनाल में प्रतियोगिता स्थगित हो गई थी। इसलिए अब अंबाला में प्रतियोगिता हुई।
यशोदा आर्या ने करीब तीन माह पहले भी ऑल इंडिया सर्विसेज योगासन चैंपियनशिप के ट्रेडिशनल और रिदमिक पेयर इवेंट में भाग लेते हुए दो गोल्ड जीते थे। यशोदा आर्या आठ साल की उम्र से ही योगा का अभ्यास कर रही हैं।
यशोदा ने अपने पिता जोरा सिंह आर्य को ही गुरु माना और योग का अभ्यास शुरू किया। डिवाइन योगा केयर संचालक जोरा के निर्देशन में अपनी मेहनत के दम पर यशोदा आर्य अब तक नेशनल लेवल पर 12 से ज्यादा गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं।