जींद। एकलव्य स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बिछाने के कार्य प्रगति पर है। इस पर लगभग दस करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसका कार्य का शुभारंभ लगभग एक महीना पहले डिप्टी स्पीकर ने किया था।
इस ट्रैक के बनने से खिलाड़ियों को प्रैक्टिस के लिए दूसरे जिलों का रुख नहीं करना होगा। अभी स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक नहीं होने के कारण खिलाड़ियों को दौड़ के लिए 45 किलोमीटर दूर नरवाना जाना पड़ता है।
400 मीटर के इस सिंथेटिक ट्रैक की चौड़ाई करीब 12 फीट रहेगी। जिला मुख्यालय पर भी सिंथेटिक ट्रैक की सुविधा मिलने से खिलाड़ी बेहतर तरीके से प्रैक्टिस कर पाएंगे।
अभी नरवाना के नवदीप स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक है, जहां जींद के खिलाड़ियों को अभ्यास करने के लिए नरवाना जाना पड़ रहा है। सिंथेटिक ट्रैक पर खिलाड़ी दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, भाला फेंक और शॉटपुट जैसे खेल का अभ्यास करते हैं। सिंथेटिक ट्रैक पर मिट्टी की सतह की अपेक्षा चोट लगने की कम संभावना रहती है।
सिंथेटिक ट्रैक पर अभ्यास करने से खिलाड़ियों की तकनीक में भी सुधार आता है। लगभग दो साल पहले नगर परिषद चुनाव से पहले जींद से भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल से एकलव्य स्टेडियम में खिलाड़ियों की सुविधा के लिए सिंथेटिक ट्रैक बनवाने की बात कही थी।
इसे तत्कालीन मुख्यमंत्री की ओर से मान लिया गया था और सिंथेटिक ट्रैक बनाने की घोषणा की थी। एकलव्य स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बिछाने के लिए नगर परिषद द्वारा टेंडर लगाया गया था। सिंथेटिक ट्रैक बिछाने में नौ करोड़ 75 लाख, 45167 रुपये का अनुमान था, जिसे डिप्टी स्पीकर द्वारा मंजूरी दिलाई गई है।
बॉक्स
सिंथेटिक ट्रैक बनाने का काम प्रगति पर
एकलव्य स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बनाने का काम प्रगति पर है। इसका काम जल्द पूरा हो जाएगा। जिला मुख्यालय पर सिंथेटिक ट्रैक नहीं होने से खिलाड़ियों को प्रैक्टिस करने के लिए नरवाना, रोहतक या अन्य जिलों में जाना पड़ता था। अब खिलाड़ियों को यह सुविधा जींद में ही मिल जाएगी।
डॉ. अनुराधा सैनी, चेयरपर्सन नगर परिषद जींद।