जुलाना। गांव मालवी में जल निकासी, स्वास्थ्य और पेयजल संकट, खेतों के रास्तों की बदहाली और बिजली आपूर्ति सबसे बड़ी समस्याएं हैं। बरसात में गलियां और सड़कें जलमग्न हो जाती हैं। खेतों में पानी भरने से फसलें खराब होती हैं और रात के समय स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में मरीजों को दूसरे कस्बों का रुख करना पड़ता है।
अमर उजाला के मेरा गांव मेरी शान अभियान के तहत गांव मालवी में बुधवार को लगी चौपाल में ग्रामीणों ने मार्केट कमेटी के चेयरमैन मीनू शर्मा और सरपंच राजेंद्र जांगड़ा के सामने अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान चेयरमैन और सरपंच ने ग्रामीणों को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
महिलाओं ने गांव में संचालित शराब के ठेके बंद करने की मांग की। ग्रामीण अशोक, धर्मेंद्र ने कहा कि गांव में ड्रेनेज व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में हालात बेहद खराब हो जाते हैं। गांव की गलियां और सड़कें तालाब का रूप ले लेती हैं और कई दिनों तक घरों के आसपास पानी जमा रहता है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है और बीमारियां फैलने का खतरा बना रहता है।
गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और आयुर्वेदिक औषधालय तो हैं लेकिन डॉक्टर केवल दिन के समय ही उपलब्ध रहते हैं। रात के समय किसी मरीज की तबीयत बिगड़ने पर छह किलोमीटर दूर जुलाना ले जाना पड़ता है। स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ की कमी भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। ग्रामीणों ने खेतों के कच्चे रास्तों और सिंचाई नालों के निर्माण की मांग उठाई।
वर्जन
बारिश के दौरान खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। निकासी व्यवस्था नहीं होने से हर वर्ष सैंकड़ों एकड़ फसल जलमग्न हो जाती हैं जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
-युद्धबीर दलाल
वर्जन
गांव के आसपास कोई ड्रेन नहीं है। इसके कारण बरसाती पानी गांव और खेतों में ही ठहर जाता है। जल निकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इसके समाधान के लिए प्रशासन से कई बार मांग की लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
-राजेंद्र दलाल, ग्रामीण
वर्जन
जांगड़ा ने कहा कि गांव में कई-कई दिनों तक पानी की सप्लाई नहीं आती। गर्मी के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है। हैंडपंपों का पानी खारा होने के कारण लोगों को पीने के लिए कैंपर मंगवाने पड़ते हैं।
-पूजा जांगड़ा
वर्जन
गांव के दोनों रास्तों पर शराब के ठेके बनाए गए हैं। इन्ही रास्तों से महिलाओं को पानी लाने और चारा लाने के लिए जाना पड़ता है। शराब के ठेकों को बंद किया जाए।
-निर्मल, ग्रामीण।
वर्जन
गांव मालवी के कच्चे रास्तों को पक्का करवाने के लिए प्रपोजल भेजा गया है। जुलाना से मालवी, मालवी से झमौला तक सड़क का निर्माण जल्द करवाया जाएगा। ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
-मीनू शर्मा, चेयरमैन, मार्केट कमेटी
वर्जन
जल आपूर्ति सुधारने के लिए जनस्वास्थ्य और सिंचाई विभाग से बातचीत की जा रही है। ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए उच्च अधिकारियों से मिलकर हर संभव प्रयास किए जाएंगे।-
राजेंद्र जांगड़ा, सरपंच
03जेएनडी20: राजेंद्र दलाल।- फोटो : अमर उजाला
03जेएनडी20: राजेंद्र दलाल।- फोटो : अमर उजाला
03जेएनडी20: राजेंद्र दलाल।- फोटो : अमर उजाला