जींद। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डाॅ. वैशाली शर्मा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 को लेकर मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। नागरिकों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने हेल्प डेस्क भी स्थापित करवाया है। डॉ. वैशाली शर्मा बुधवार को लघु सचिवालय में आयोजित विशेष गहन पुनरीक्षण की बैठक को संबोधित कर रही थी।
15 जून से 14 जुलाई तक चलने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण की जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
डीसी डाॅ. वैशाली शर्मा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक करके पूरी जानकारी साझा की जा चुकी है। पांच से दस जून तक सभी बीएलओ को विभाग की तरफ से ट्रेनिंग दी जाएगी। फिर 15 जून से 14 जुलाई तक विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान बताया जाएगा कि किस वोटर से कौन सा फॉर्म और कैसे भरवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिनका वोट 2002 में बना हुआ है, उन्हें 2002 वाला डाटा भरना होगा। जिन वोटरों का वोट 2002 के बाद बना है उन्हें अपने परिजनों (माता-पिता, दादा-दादी) का डाटा भरना होगा। जो वोटर गांव-शहर से बाहर रहते हैं उनके परिवारजन उनका फार्म भरकर बीएलओ को जमा करवा सकते हैं।
इस अवसर पर नगराधीश मोनिका रानी, चुनाव कार्यालय के नायब तहसीलदार प्रदीप सरोहा, कानूनगो नरेश कुमार, दीपांशु के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।बॉक्स
21 से 20 अगस्त का दर्ज करवा सकते हैं आपत्ति
डीसी ने कहा कि 21 जुलाई को ड्राफ्ट रोल तैयार होगा। 20 अगस्त तक दावे आपत्ति दे सकते हैं। किसी भी प्रकार के दावे आपत्ति को सबसे पहले आरओ को दर्ज करवा सकते हैं। इन दावे आपत्तियों पर 21 जुलाई से 18 सितंबर तक सुनवाई के बाद निर्णय दिया जाएगा। सुनवाई के बाद 22 सितंबर को अंतिम निर्वाचन वली का प्रकाशन किया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा में एईआरओ भी नियुक्त किए गए हैं।
बीएलओ को दिया जाएगा प्रशिक्षण
जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। पांच से दस जून तक चलाए जाने वाले प्रशिक्षण शिविर में जुलाना, उचाना और जींद विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ को डीआरडीए सभागार जींद, सफीदों विधानसभा के लिए सरला मेमोरियल महिला कॉलेज सफीदों, नरवाना विधानसभा क्षेत्र के लिए केएम महाविद्यालय के सभागार में प्रशिक्षण दिया जाएगा।