गांव बनिया खेड़ा में शराब पीने से मना करने पर एक व्यक्ति ने पत्नी की लोहे के रॉड से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना शुक्रवार आधी रात की है। हत्या आरोपी नशे में धुत्त था। सोते समय महिला के सिर पर वार कर दिया। हत्या की सूचना पाकर सफीदों के डीएसपी हरेंद्र पाल सिंह, पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी नरसिंह व एसएफएल की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतका के पति सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गांव बनियाखेड़ा निवासी सलोचना (43) शुक्रवार रात को अपने 15 वर्षीय बेटे सुनील के साथ घर के आंगन में सो रही थी। मध्य रात को उसका पति कृष्ण शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और सो रही पत्नी सलोचना के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया। रॉड से हमला करने की आवाज सुनकर उसके बेटा सुनील की आंखें खुली तो उसकी मां चारपाई पर खून से लथपथ पड़ी हुई थी। कृष्ण कुमार वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। महिला को गंभीर हालात में सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के बेटे सुनील ने बताया कि उसका पिता कृष्ण शराब का आदी है।
जिसको लेकर घर में अक्सर कलह होती थी। उसका पिता उसकी मां के साथ मारपीट करता था। देर रात को भी उसका पिता शराब के नशे में घर पहुंचा और लोहे की रॉड सिर पर मारकर उसकी मां की हत्या कर दी। सुनील ने आरोप लगाया कि वारदात में उसका चाचा, दादा-दादी भी शामिल थे। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने सुनील की शिकायत पर मृतका के पति कृष्ण, देवर जगबीर, ससुर हजारी व सास पनमेश्वरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
क्या कहना है थाना प्रभारी का
पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी नरसिंह ने बताया कि देर रात को बनियाखेड़ा गंाव में शराब के आदी एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की लोहे की रॉड मार कर हत्या की है। मृतका के बेटे की शिकायत पर उसके पिता,चाचा व दादा-दादी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।