फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महिला ने डाले चार वोट, उचाना के बूथ नंबर 71 पर आज दोबारा होगा मतदान

विज्ञापन
विज्ञापन
उचाना कलां विधानसभा क्षेत्र के करसिंधु गांव में एक महिला द्वारा चार बार मतदान करने के आरोपों के बीच चुनाव आयोग बूथ नंबर 71 पर दोबारा मतदान करवाने का फैसला लिया है। उचाना कलां से भाजपा उम्मीदवार प्रेमलता के चुनाव एजेंट गुरमिंद्र श्योकंद ने डीसी को इसकी शिकायत की थी। साथ ही इसका वीडियो भी सौंपा गया था। इस पर डीसी ने चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेजी, जिस पर मंगलवार को शाम दोबारा चुनाव की घोषणा की गई।
विज्ञापन

डीसी डॉ. आदित्य दहिया के अनुसार मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। इस मतदान केंद्र पर होने वाले दोबारा मतदान को लेकर प्रबंध पूर्ण कर लिए गए हैं । बूथ नंबर 71 पर कुल 970 मतदाता हैं। गौरतलब है कि सोमवार को मतदान के दौरान करसिंधु गांव में भाजपा उम्मीदवार प्रेमलता के चुनाव एजेंट ने आरोप लगाया था कि यहां जेजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा फर्जी तरीके से मतदान किया जा रहा है।
970 में 850 वोट हुए पोल
वहीं उचाना विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 71 पर सोमवार को हुए मतदान के दौरान 87.62 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले। इस बूथ पर 970 वोट हैं। इनमें 516 पुरुष व 454 महिला हैं। बूथ नंबर 71 पर 472 पुरुषों व 378 महिलाओं ने मतदान किया। पुरुषों का मतदान प्रतिशत 91.47 व महिलाओं का 83.25 रहा है।
विज्ञापन

जिला प्रशासन दुष्यंत के इशारे पर काम करता आया नजर : बीरेंद्र
वहीं पूरे मामले पर भाजपा व जेजेपी दोनों ही पार्टियों के नेता प्रशासन पर एक दूसरे का साथ देने के आरोप लगाया है। भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि दुष्यंत चौटाला के कहने पर काम करता नजर आया। अपने डूमरखा कलां गांव में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि छात्तर के बारे में पीठासीन अधिकारी को बहुत बार कहा गया कि वहां मौजूद लोगों को स्कूल से बाहर करने की मांग की, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। वहीं खरकभूरा गांव में डीसी, एसपी के निर्देशन में वहां उचाना के एसएचओ और उनकी फोर्स को छह घंटे तक वहां बैठाकर रखा ताकि भाजपा के समर्थकों को आतंकित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा लग रहा था कि जैसे सारा जिला प्रशासन दुष्यंत चौटाला के कहने पर काम कर रहा है। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि करसिंधु गांव में 80 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ। वहीं उनके दोनों गांवों (डूमरखां कलां व खुर्द) को 76 प्रतिशत पर खड़ा कर दिया। ये गांव कभी भी 80, 85, 90 प्रतिशत से कम मतदान नहीं करते। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि दुष्यंत चौटाला ने खुद पर हमले की अफवाह फैलाई और कहा कि उन पर गिलास फेंका गया। गिलास फेंकना न फेंकना अलग बात है, लेकिन फेंका भी गया तो कितनी चोट आई। इस बात को भुनाने के लिए वायरल करवाया।
करसिंधु में हुआ फर्जी मतदान
बीरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा की ओर से भी एक शिकायत उचाना आरओ को करसिंधु में फर्जी मतदान को लेकर की है। एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें ईवीएम के पास जाकर एक महिला हर महिला के साथ बटन दबाती थी और बाहर आती थी। ये वीडियो जब वायरल हुआ था तो चुनाव आयोग ने भी इसका नोटिस लिया। वहां दो बूथ 71 व 73 पर धांधली हुई है।
दुष्यंत बोले-सरकारी मशीनरी का हो रहा दुरुपयोग
इस मामले में उचाना कलां से जेजेपी उम्मीदवार व पूर्व सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उन्होंने भी डूमरखां कलां व खुर्द के मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी की शिकायत की, लेकिन प्रशासन ने उनकी शिकायत पर दोबारा मतदान नहीं करवाया। दुष्यंत चौटाला के अनुसार उन पर हमला भी हुआ, इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे साफ है कि भाजपा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा हार के डर से बौखलाई हुई है और इसके चलते ही ऐसे हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।
उचाना विधानसभा क्षेत्र से दो शिकायतें मिली थी। एक शिकायत जेजेपी उम्मीदवार दुष्यंत चौटाला ने डूमरखां खुर्द गांव के 49 नंबर बूथ पर गड़बड़ी की दी थी। साथ ही उन्होंने हमले के भी आरोप लगाए थे। दूसरी शिकायत भाजपा उम्मीदवार के चुनाव एजेंट द्वारा करसिंधु गांव के मतदान केंद्र नंबर 71 पर फर्जी मतदान को लेकर दी गई है। इसका वीडियो भी सौंपी है। यह दोनों ही शिकायत भारत चुनाव आयोग को भेज दी थी। इस पर चुनाव आयोग ने करसिंधु गांव के मतदान केंद्र नंबर 71 पर दोबारा मतदान के आदेश दिए हैं। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विज्ञापन

डॉ. आदित्य दहिया, डीसी व जिला निर्वाचन अधिकारी, जींद।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें