जींद। महिला को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने पर महिला थाना पुलिस ने एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में शहर की एक काॅलोनी की महिला ने बताया कि उसकी जान पहचान जैजवंती गांव निवासी सुरेंद्र उर्फ मंगल से थी। मंगल का उसके मकान पर आना जाना था। इसके चलते आरोपी ने उसको शादी करने का झांसा दिया। वह आरोपी के झांसे में आ गई और आरोपी ने उसके साथ लगातार दो महीने संबंध बनाए। जब उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव डाला तो आरोपी ने मना कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। महिला थाना की जांच अधिकारी एएसआई सुमन ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र उर्फ मंगल के खिलाफ दुष्कर्म करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।