एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में नौकरी लगवाने के नाम पर महिला ने व्यक्ति ने 16750 रुपये हड़प लिए। शहर थाना पुलिस ने व्यक्ति की शिकायत पर महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में रेलवे रोड स्थित राजेंद्र नगर निवासी सुशील कुमार ने कहा कि दिसंबर 2020 में उसकी रेणु नामक महिला के साथ फोन पर जान-पहचान हुई थी। रेणु ने खुद को गुरुग्राम निवासी बताते हुए उसकी एयरपोर्ट पर नौकरी लगवाने की बात कही। रेणु ने कहा कि वह उसके बेटे वैभव को एयरपोर्ट पर नौकरी लगवा देगी। इस पर उसने उससे 16750 रुपये लिए। बाद में महिला ने उसके पास एक नियुक्ति पत्र भेजा। जब उसने पत्र की जांच की तो वह फर्जी निकला। इसके बाद उसने रेणु से बात की तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। महिला ने पैसे लौटाने से भी मना कर दिया। जांच अधिकारी एसआई सुलतान ने कहा कि रेणु के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।