जींद। उचाना थाना क्षेत्र के एक गांव की 34 वर्षीय महिला को एक होटल में लाकर उसे नशीला पदार्थ पिलाया और फिर बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला थाना पुलिस ने चार युवकों को नामजद कर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसकी गांव के ही युवक दीपक से जान पहचान है। दीपक उसे जींद के एक होटल में ले आया, जहां पर आरोपी ने उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसे बंधक बनाकर रखा और उसका यौन शोषण किया। 11 मार्च को दीपक, मनदीप और अमन उसे एक कैफे हाउस में ले गए, जहां पर दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। किसी तरह वह वहां से निकलने में कामयाब हो गई। 21 मार्च को दीपक तथा उसका दोस्त मनदीप उसे उचाना के एक होटल में ले गए। जहां पर दोनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, घटना के बारे में किसी को बताने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। जांच अधिकारी गीता देवी ने बताया कि पुलिस ने मामले में गांव निवासी दीपक, मनदीप, अमन तथा उसके ममेरे भाई के खिलाफ नशीला पदार्थ देकर सामूहिक दुष्कर्म करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।