संवाद न्यूज एजेंसी
जुलाना। कोहरे के साथ ठंड में इजाफा हुआ है। सुबह और देर रात के समय पड़ रही कड़ाके की ठंड से आमजन बेहाल है। ठंड से बचाव के लिए लोगों ने रूम हीटर, ब्लोअर और अन्य गर्मी देने वाले उपकरणों की ओर रुख करना शुरू कर दिया है। बाजार में इन दिनों रूम हीटरों की मांग में तेजी आई है।
जुलाना के इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिकल सामान की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है। दुकानदार कर्मबीर, राजू, जयदेव ने बताया कि पिछले दो दिनों से रूम हीटर की बिक्री में करीब 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। खासकर छोटे और मध्यम आकार के रूम हीटरों की मांग अधिक है। जिन्हें लोग घरों के साथ-साथ दुकानों और कार्यालयों में भी उपयोग कर रहे हैं।
दुकानदारों के अनुसार बिजली से चलने वाले रूम हीटरों की भी मांग बनी हुई है। बाजार में 700 रुपये से लेकर 2500 रुपये तक के रूम हीटर उपलब्ध हैं। पिछले दो दिन में 50 से ज्यादा हीटर बिक चुके हैं। लोग बिजली खपत कम करने वाले और सुरक्षित हीटरों को अधिक प्राथमिकता दे रहे हैं।
ग्राहक अमित, चरणदास का कहना है कि घना कोहरा और ठंडी हवाओं के कारण सुबह-शाम घरों में ठंड ज्यादा महसूस हो रही है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाने के लिए रूम हीटर जरूरी हो गए हैं। इसके अलावा स्कूल जाने वाले बच्चों और सुबह जल्दी काम पर निकलने वाले लोगों को भी ठंड का सामना करना पड़ रहा है।