स्टेट क्राइम ब्यूरो टीम के साथ नारकोटिक्स विभाग फतेहाबाद की टीम ने शनिवार शाम को हिसार रोड स्थित चमेला कॉलोनी में छापा मारकर एक महिला को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था तो आसपास के लोगों ने उन पर ईंटों और पत्थरों से हमला कर दिया था। इस मामले में शहर थाना पुलिस ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के एएसआई अजीत सिंह की शिकायत पर 11 महिलाओं सहित 40 से ज्यादा लोगों के खिलाफ पुलिस पार्टी पर हमला करने, सरकारी गाड़ी को नुकसान पहुंचाने व सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में चमेला कॉलोनी नरवाना निवासी किरण, कमलेश, नीलम, शर्मिला, पूजा, कमलेश, सुमन, मेशो, केला, मोनिका, सुमन, अनिल, लालू, गोबिंदा, साहिल, सुरेंद्र, सुमित व मुकेश आदि 18 लोगों को नामजद कर 20-25 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सिटी पुलिस ने इस मामले में किरण, कमलेश, नीलम, सुमित, मुकेश व सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।
नारकोटिक्स की टीम ने चमेला कालोनी में नशीला पदार्थ बेचने का कारोबार कर रही 2 महिलाओं सुमन व सोनम को काबू कर लिया था। पकड़ी गई महिलाओं को छुड़वाने के लिए वहां काफी संख्या में लोग आ गए और उन्होंने ईंटों व पत्थरों से पुलिस पार्टी पर हमला बोल दिया। पकड़ी गई महिला सुमन को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाकर अपने साथ ले गए। लेकिन एक महिला पुलिस कर्मी ने महिला सोनम को नहीं छोड़ा और पुलिस ने हमले के बावजूद उसको पकड़े रखा। पुलिस की गिरफ्त में आई महिला की पहचान पंजाब के लुधियाना जिले की रहने वाली सोनम के रूप में हुई है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जब पकड़ी गई महिला सोनम की तलाशी ली गई तो उसके पास से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। पुलिस पूछताछ में सोनम ने बताया कि सुमन और वह नशीला पदार्थ बेचने का काम करती हैं। सिटी पुलिस ने हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स ब्यूरो फतेहाबाद के सब इंस्पेक्टर महावीर सिंह की शिकायत पर सुमन व सोनम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।