जींद। गोहाना रोड पर एक ढाबे के मालिक ने जब रात को चाय बनाने से इनकार किया तो 7-8 युवकों ने ढाबे पर तोड़-फोड़ की। इसके बाद ढाबा संचालक और उसके कारीगर को पीट-पीट कर घायल कर दिया। हमलावर जाते हुए 20 हजार रुपये की नकदी और दो मोबाइल फोन भी छीन ले गए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी कपिल ने पुलिस को बताया कि गोहाना रोड पर गांव पिंडारा के पास उसका ढाबा है। 9 मई रात करीब 11:30 बजे वह अपने कारीगर गुगन और राजेश के साथ खाना बना रहे थे। उसी समय 5-6 युवक स्विफ्ट में सवार होकर ढाबा पर आए, चाय मांगी। ढाबा संचालक ने कहा कि ढाबा बंद हो गया है, अब चाय नहीं मिलेगी। इस पर वह बोले की चाय तो बनाना ही होगा। संचालक के दोबारा मना करने पर वह भड़क गए और तेजधार हथियार से ढाबे के गेट और अन्य सामान तोड़ दिया। एक युवक ने उसके सिर पर डंडा मारा और एक ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। अन्य युवकों ने भी लाठी-डंडे से चोटें मारी। उसकी जेब से 16800 और गल्ले से करीब 3500 रुपये, उसका मोबाइल फोन ले गए।
वहीं कारीगर गुगन छुड़वाने के लिए आया तो उन्होंने गुगन को भी चोटें मारी। उसके पार्टनर दिनेश और कारीगर राजेश नेपाली ने छिपकर जान बचाई। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत लूट और मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।