प्रतिमा और हाईमास्ट लाइट हटाने के विरोध में टेकचंद नैन पार्क में एकत्रित हुए वार्ड 16 के लोग। संवा
- फोटो : Jind
नगर परिषद द्वारा रविवार को शहर के पुराना कोर्ट रोड पर स्थित टेकचंद नैन पार्क से टेकचंद नैन की प्रतिमा व हाई मास्ट लाइट हटा ली गई। वहीं इस दौरान वार्ड नंबर 16 के लोग पूर्व चेयरमैन कैलाश सिंगला के साथ पार्क में पहुंचे और विरोध किया।
कैलाश सिंगला ने कहा कि उन्हें पता चला है कि नगर परिषद द्वारा पार्क की जगह पर बाल भवन का निर्माण करवाया जाना है। इसको लेकर टेकचंद नैन की प्रतिमा व लाइट हटाई जा रही है। इसके बाद लोगों ने मांग की कि टेकचंद नैन के नाम से अन्य किसी जगह पर पार्क बनाया जाए और जो लाइट यहां लगी थी वह उनके वार्ड में ही लगाई जाएं। नप के अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने जवाब दिया कि लाइट कहीं पर लग जाए क्या फर्क पड़ता है। इसके बाद लोगों में रोष पैदा हो गया और कहा कि वे अपने वार्ड की लाइट को कहीं और नहीं लगने देेंगे। लोगों को प्रतिनिधित्व कर रहे कैलाश सिंगला ने कहा कि नगर परिषद में जब छवि बंसल प्रधान होती थी तो वार्ड के लोगों की मांग पर यहां लाइट लगवाई गई थी, क्योंकि पार्क में रोशनी की कोई सुविधा नहीं थी और अंधेरा होते ही लोक इस पार्क का लाभ नहीं ले पाते थे। अब नगर परिषद के कुछ अधिकारी अपनी मनमानी दिखाकर उनके वार्ड की सुविधा को छिनने का प्रयास कर रहे हैं।
अब कहां बनाया जाएगा टेकचंद नैन पार्क
पूर्व में हरियाणा सरकार में मंत्री रहे स्व. टेकचंद नैन की याद में पुराना कोर्ट रोड पर पार्क बनवाया गया था। 2012 में इस पार्क का निर्माण हुआ था। इसके बाद वार्ड नंबर 16 सहित आसपास के लोगों को पार्क की सुविधा का लाभ प्राप्त हुआ था। अब 10 साल बाद यह पार्क यहां से हटा दिया गया। क्योंकि यह जमीन बाल भवन की है। टेकचंद नैन की प्रतिमा नप के कबाड़खाने में ही गुम हो जाएगी। इसी प्रकार के विचारों का प्रचार प्रसार शहर में हो रहा है।
यह जगह बाल भवन की है। अब विभाग यहां बाल भवन का निर्माण करवाएगा। इसके चलते परिषद द्वारा तैनात की गई सुविधाओं को यहां से हटाया जा रहा है। रही बात लाइट की तो इस मामले में एसडीएम के जो भी आदेश होंगे, उनका पालन होगा। जहां लाइट लगाने के आदेश होंगे वहीं इस लाइट को लगाया जाएगा।
गौरव शर्मा, जेई नगर परिषद नरवाना।