संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जिले की अनाज मंडियों और खरीद केंद्रों में गेहूं की खरीद कुल 8 लाख 28 हजार 742 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। प्रशासन का मुख्य ध्यान अब मंडियों से फसल के उठान पर है जिसके तहत कुल खरीद का 73.71 प्रतिशत यानी छह लाख दस हजार 882 मीट्रिक टन गेहूं गोदामों तक पहुंचाया जा चुका है।
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए विभिन्न एजेंसियां मुस्तैद हैं। अब तक गेहूं की हैफेड ने 3,40,890 मीट्रिक टन खरीद की है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 2,39,025 मीट्रिक टन, हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन ने 2,36,856 मीट्रिक टन, भारतीय खाद्य निगम ने 11,971 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा है।
जिले की प्रमुख मंडियों में आवक और खरीद की स्थिति संतोषजनक बनी हुई है। जुलाना मंडी में 1,01,622 मीट्रिक टन, सफीदों मंडी में 99,184 मीट्रिक टन, जींद मंडी में 92,555 मीट्रिक टन, उचाना मंडी में 89,060 मीट्रिक टन, नरवाना मंडी में 85,532 मीट्रिक टन, पिल्लूखेड़ा मंडी में 71,106 मीट्रिक टन और अलेवा मंडी में 35,297 मीट्रिक टन खरीद दर्ज की गई है।
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि जिला प्रशासन गेहूं खरीद व्यवस्था की निरंतर निगरानी कर रहा है। मंडियों में किसानों के लिए पेयजल, छाया, बैठने की उचित व्यवस्था और साफ-सफाई के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भुगतान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का विलंब न हो और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
डीसी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे फसल को सुखाकर ही मंडी में लाएं ताकि नमी के कारण खरीद प्रक्रिया में बाधा न आए और कार्य तेजी से संपन्न हो सके। उठान कार्य में तेजी लाने के लिए संबंधित ट्रांसपोर्ट एजेंसियों को निर्देश जारी किए गए हैं।