जींद। जिले भर में शनिवार को दिनभर रूक-रूक कर हुई बूंदाबांदी ने मौसम को सुहावना बना दिया है। इस बारिश से जहां तापमान में कमी आई वहीं फसलों के लिए भी यह लाभकारी साबित हुई।
शनिवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहा। हवा की गति पांच किलोमीटर तथा मौसम में आद्रता 85 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक-दो दिन तक हलकी बारिश होने की संभावना है।
शनिवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और दोपहर तक बूंदाबांदी होती रही। कुछ इलाकों में हलकी बारिश भी देखी गई। इस बारिश ने गर्मी से राहत दी और मौसम में ठंडक घोल दी।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह बारिश धान, मक्का और अन्य फसलों के लिए फायदेमंद है क्योंकि इससे खेतों में नमी बनी रहेगी और फसलों की वृद्धि में मदद मिलेगी। तापमान में भी चार डिग्री की कमी दर्ज की गई है जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।