जिला कार्यालय में पहुंची राज्यमंत्री कमलेश ढांडा का स्वागत करते जिला प्रधान राजू मोर। संवाद
- फोटो : Jind
जींद। सितंबर माह में संभावित पंचायत चुनाव को लेकर कैथल रोड स्थित पार्टी कार्यालय में जिला अध्यक्ष राजकुमार राजू मोर की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में मुख्य तौर पर जींद पंचायत चुनाव प्रभारी और राज्य मंत्री कमलेश ढांडा पहुंचीं।
उन्होंने पदाधिकारियों के साथ पंचायत चुनाव को लेकर मंत्रणा की। मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि कहा कि निकाय चुनावों में भाजपा ने अच्छा प्रदर्शन किया था। उसी प्रकार अब पंचायत चुनाव में भी अच्छा प्रदर्शन करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के द्वारा यह तय हुआ कि सिंबल पर चुनाव लडने का फैसला पार्टी कार्यकर्ताओं की राय लेने के बाद ही लिया जाएगा। प्रदेश सदस्य और जिला पदाधिकारी जिले में जाकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सिंबल और चुनाव को लेकर बातचीत करें तथा उनकी राय जाने। कार्यकर्ताओं की राय को प्रदेश नेतृत्व के सामने रखेंगे। सिंबल पर चुनाव लड़ें या नहीं। इसी पर चर्चा के लिए 24 अगस्त को गुरुग्राम में बैठक बुलाई गई है।
जिला प्रधान राजू मोर ने कहा पंचायत चुनाव के लिए गठित कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर तय किया जाएगा कि निकाय चुनाव की तर्ज पर पंचायत चुनाव भी पार्टी चिन्ह पर लड़े जाएं या फिर अच्छी छवि वाले प्रत्याशियों को समर्थन किया जाए। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव से पूर्व पार्टी अपने बूथों और शक्ति केंद्रों को भी मजबूत बनाने में जुटी है। इसके लिए जिले में शक्ति केंद्र प्रमुखों की कार्यशाला भी आयोजित की गई है। चुनाव के दौरान जनता तक भाजपा की नीतियां पहुंचाने के लिए शक्ति केंद्र अहम कड़ी है, इसलिए चुनाव से पहले शक्ति केंद्रों को सक्रिय किया जा चुका है।
इस मौके पर विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जवाहर सैनी, ओमप्रकाश पहल, कलीराम पटवारी, जसबीर देशवाल, जिला उपाध्यक्ष सुखदीप बुआना, तिजेंद्र ढुल, शिशपाल भाणा, जोरा सिंह बडनपूर, जिला सचिव पुष्पा तायल, महिला जिलाध्यक्ष कविता शर्मा मौजूद रहे।