जुलाना। वार्ड नंबर एक में नगरपालिका की लापरवाही वार्ड के लोगों पर भारी पड़ रही है। क्योंकि एक माह पहले गली को उखाड़ दिया गया और अब बिना लेवल के उसका निर्माण शुरू कर दिया गया है। प्रशासन की लापरवाही से 40 घरों के पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। बुधवार को वार्ड के लोगों ने प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट किया।
वार्ड निवासी रामनिवास लाठर, सुरेश, साहब सिंह, प्रेम, रमेश व ओमप्रकाश ने कहा कि नगरपालिका गली का निर्माण करवा रही है। एक महीने पहले गली को उखाड़ दिया गया, लेकिन टेंडर कुछ ही गली का लगाया गया। पीछे गली का निर्माण नहीं किया जा रहा है। नपा के अधिकारियों ने झूठ बोलकर गली को उखाड़ने का वार्ड के लोगों ने आरोप लगाया है। नवनिर्मित गली का लेवल ऊंचा कर दिया, जबकि पीछे गली में लगभग दो फीट का लेवल अंतर है। इससे 40 घरों से पानी की निकासी नहीं हो पाएगी। ऐसे में जब मौके पर नपा के जेई कृष्ण कुमार को बुलाया गया तो उन्होंने भी मामले की लीपापोती करते हुए कहा कि लेवल किया गया है, जबकि वार्ड के लोगों का आरोप है कि उन्हें पता ही नहीं था कि गली का पूरा निर्माण नहीं किया जा रहा है। अगर ऐसा पता होता ताे वो गली को उखाड़ने ही नहीं देते। अब एक माह से लोगों को काफी परेशानियों से होकर गुजरना पड़ रहा है। वार्ड के लोगों की मांग है कि गली को पूरा बनाया जाए और निकासी व्यवस्था का पूरा प्रबंध किया जाए, ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो। वार्ड के लोगों ने नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष प्रकट किया।
वार्ड के लोगों की समस्या है कि लेवल ठीक नहीं है। अगर फिर भी कोई दिक्कत है तो दोबारा से जांच करवाई जाएगी। गली के निर्माण में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। -कृष्ण कुमार, जेई, नपा जुलाना।