जींद। महिला एवं बाल विकास विभाग ने विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक मंगलवार को एडीसी विवेक आर्य की अध्यक्षता में की। उन्होंने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत लिंगानुपात में सुधार पर चर्चा की और स्वास्थ्य विभाग को अधिक से अधिक रेड करने के निर्देश दिए। इसके साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी सुलोचना कुंडू ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग को मिशन शक्ति, मिशन वात्सल्य और मिशन पोषण के तहत तीन भागों में बांटा गया है। संरक्षण अधिकारी (गैर संस्थागत) ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना और जिले में चल रहे 15 क्रेच केंद्रों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कई आंगनबाड़ी केंद्रों को आंगनबाड़ी-कम-क्रेच केंद्र में बदल दिया गया है, ताकि कामकाजी महिलाओं के बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिल सके। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी सुजाता व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।