नरवाना। विभिन्न मांगों को लेकर हरियाणा ग्रामीण चौकीदार संगठन के सदस्य सोमवार को बद्दोवाला टोल प्लाजा पर एकत्र हुए। चौकीदार यहां से मुख्यमंत्री आवास चंडीगढ़ की ओर पैदल कूच करने की तैयारी में थे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और चौकीदारों को आगे बढ़ने से रोक दिया।
इसके बाद संगठन के प्रतिनिधियों की कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी से फोन पर बातचीत करवाई गई। चौकीदारों के अनुसार, मंत्री ने आश्वासन दिया कि मंगलवार को संगठन के 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की उच्च अधिकारी के साथ बैठक करवाई जाएगी। इसमें उनकी मांगों और समस्याओं पर चर्चा कर समाधान का प्रयास किया जाएगा। आश्वासन के बाद चौकीदारों ने फिलहाल चंडीगढ़ कूच स्थगित कर दिया।
हरियाणा ग्रामीण चौकीदार संगठन के प्रधान महिपाल ने कहा कि बैठक में यदि उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो चौकीदार दोबारा इसी स्थान से चंडीगढ़ की ओर कूच करेंगे। उन्होंने कहा कि करीब 40 दिन पहले भी चौकीदार मांगों को लेकर चंडीगढ़ जाने के लिए निकले थे, लेकिन आश्वासन मिलने पर यात्रा स्थगित कर दी गई थी।
चौकीदारों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांग मानदेय बढ़ाने और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की है। उनका कहना है कि करीब 11 हजार रुपये के मानदेय में परिवार चलाना मुश्किल है और कटौती के बाद लगभग नौ हजार रुपये ही मिलते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से मानदेय 13 हजार रुपये करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक बढ़ोतरी नहीं हुई। चौकीदारों ने सरकार से लंबित मांगों का जल्द समाधान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण चौकीदार गांवों में सरकार की सूचनाएं पहुंचाने समेत कई जिम्मेदारियां निभाते हैं।