12जेएनडी18: गली में भरे पानी को दिखाते हुए ग्रामीण। स्रोत ग्रामीण।
नरवाना। गांव बड़नपुर में गंदे पानी की निकासी नहीं होने से ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर मंगलवार को नायक चौपाल में शहीद भगत सिंह इंकलाब मंच हरियाणा इकाई बड़नपुर की बैठक आयोजित हुई।
बैठक की अध्यक्षता संगठन के प्रधान एवं पूर्व सरपंच डॉ. जोगिन्द्र श्योकंद बड़नपुर ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि बुधवार से ग्रामीण भूख हड़ताल पर बैठेंगे और धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। धरने के दौरान देशभक्ति की रागनियां भी प्रस्तुत की जाएंगी।
गांव के कन्या मिडल स्कूल, स्टेडियम, नरवाना लिंक रोड, सरकारी स्कूल, नायक बस्ती, शिव मंदिर के पास की गली सहित कई मुख्य रास्तों पर गंदा पानी जमा है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। सतीश श्योकंद तीशा ने कहा कि ग्रामीण कई बार सीएम विंडो में शिकायत दर्ज करा चुके हैं।
इसके अलावा कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, डीसी जींद, बीडीपीओ तथा भाजपा कार्यालय नरवाना में भी समस्या रखी गई, लेकिन तीन महीने बाद भी समाधान नहीं हुआ। कामरेड सुरेश ने बताया कि पानी निकासी के लिए सूखा तालाब ही एकमात्र विकल्प है, लेकिन कुछ लोगों के विरोध के कारण इसका उपयोग नहीं हो पा रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।