नागरिक अस्पताल में शनिवार को पहुंचकर जेल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाने वाले जेल वार्डन राजकुमार को जेल विभाग ने निलंबित कर दिया है। मंगलवार को जेल विभाग ने जेल की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की है। राजकुमार पर जेल की वीडियो वायरल कर सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप लगाए गए हैं।
गौरतलब है कि शनिवार को जेल वार्डन राजकुमार बनियान व खाकी पैंट पहनकर जांच करवाने के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचा था। यहां पर उसने फ्लू कॉर्नर में बताया कि उसे छुट्टी नहीं दी जा रही है। साथ ही राजकुमार ने कहा था कि मेस में खाना भी नहीं बना। इसके अलावा वार्डन पर जिला कारागार की वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप लगे हैं। राजकुमार ने एक जेल उपाधीक्षक पर भी व्यक्तिगत व सार्वजनिक रूप से आरोप लगाए थे। कारागार विभाग के आईजी जगजीत सिंह ने बताया कि जिस तरह से वीडियो वायरल किया गया उससे पूरी जेल की सुरक्षा खतरे में डाली गई है। यह बेहद गंभीर मामला है। जेल की वीडियोग्राफी करना गैरकानूनी है। जेल वार्डन राजकुमार की अनुशासनहीनता के चलते उसे निलंबित कर दिया गया है। उसके खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।