जींद। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण तेजी से जारी है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि अब तक 10 लाख 41 हजार 423 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि इनमें से 7 लाख 27 हजार 423 प्रपत्र बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से डिजिटाइज्ड कर निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता को सही जानकारी भरकर हस्ताक्षरित एक प्रति बीएलओ को लौटानी होगी, जबकि दूसरी प्रति पर बीएलओ के हस्ताक्षर प्राप्त कर उसे रसीद के रूप में अपने पास सुरक्षित रखना चाहिए।
21 जुलाई को प्रकाशित होने वाली प्रारंभिक मतदाता सूची में केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे, जिनके हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र 14 जुलाई तक बीएलओ को प्राप्त हो जाएंगे। समय पर प्रपत्र जमा नहीं करने वाले मतदाताओं का नाम प्रारंभिक सूची में शामिल नहीं होगा।
डीसी ने मतदाताओं से अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए जल्द से जल्द प्रपत्र जमा करने की अपील की। उन्होंने बताया कि मतदाता चाहें तो निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी गणना प्रपत्र भर सकते हैं। साथ ही राजनीतिक दलों से भी अभियान को सफल बनाने के लिए अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने का आग्रह किया। संवाद