जुलाना (सोनीपत) : ओलंपियन और जुलाना विधानसभा से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट की ओर से एक बार फिर ओलंपिक में जाने की इच्छा जताने के बाद जुलाना समेत हरियाणा के खेलप्रमियों में खुशी का माहौल बना है। क्षेत्र के खिलाड़ियों, युवाओं और खेल प्रेमियों का मानना है कि विनेश फोगाट यह कदम अपने उस अधूरे सपने को पूरा करने के लिए उठा रही हैं, जो पिछली ओलंपिक यात्रा में किन्हीं कारणों से अधूरा रह गया था।
फोगाट न केवल जुलाना की पहचान हैं, बल्कि वह देश की उन चुनिंदा महिला पहलवानों में शामिल हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। एशियाई खेलों, कॉमनवेल्थ गेम्स और विश्व कुश्ती प्रतियोगिताओं में उनके शानदार प्रदर्शन को आज भी खेलप्रेमी याद करते हैं। ओलंपिक में जाने की उनकी नई घोषणा ने यह साफ कर दिया है कि राजनीति में सक्रिय रहने के बावजूद खेल के प्रति उनका जुनून और समर्पण आज भी पहले जैसा ही है।
विनेश फोगाट युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विनेश का यह फैसला साबित करता है कि अगर लक्ष्य बड़ा हो तो उम्र, जिम्मेदारियां और परिस्थितियां भी आड़े नहीं आतीं। विनेश फोगाट का ओलंपिक की ओर कदम बढ़ाना उन्हें कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा।
- संजीत कौशिक, कबड्डी कोच।
इस बार विनेश फोगाट ओलंपिक में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर न केवल अपना अधूरा सपना पूरा करेंगी, बल्कि भारत का तिरंगा भी ऊंचा करेंगी। लोगों का मानना है कि पिछली बार जिन परिस्थितियों में उनका सपना पूरा नहीं हो सका, उनसे सीख लेकर वह इस बार और मजबूत इरादों के साथ मैट पर उतरेंगी।
-जगमेश सिंधु, वकील।
सोशल मीडिया पर लोग विनेश फोगाट के समर्थन में संदेश साझा कर रहे हैं। जुलाना के खेल प्रेमियों का कहना है कि उनकी सफलता पूरे क्षेत्र के युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करेगी और महिला खिलाड़ियों का मनोबल भी बढ़ाएगा। विनेश के ओलंपिक में जाने के फैसले ने जुलाना सहित पूरे इलाके में नई ऊर्जा और उम्मीद जगा दी है। अब सभी की निगाहें उनके अगले कदम और ओलंपिक में उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं।
- प्रदीप शर्मा, समाजसेवी जुलाना।
13जेएनडी45: : संजीत कौशिक। संवाद
13जेएनडी45: : संजीत कौशिक। संवाद