फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jind News: विनेश को उनके ही विधानसभा क्षेत्र जुलाना की बेटी ने हराया

Sat, 30 May 2026 11:19 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, जींद
विज्ञापन
विज्ञापन
जुलाना (जींद) । अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान विनेश फोगाट को एशियाई खेलों के लिए दिल्ली में आयोजित ट्रायल के दौरान चाबरी गांव निवासी मीनाक्षी गोयत ने सेमीफाइनल में 6-4 के अंतर से हरा कर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया। मीनाक्षी का गांव चाबरी जुलाना विधानसभा क्षेत्र में ही आता है , जहां से विनेश फोगाट विधायक हैं।
विज्ञापन

अंतरराष्ट्रीय पहलवान मीनाक्षी गोयत साधारण किसान परिवार से आती हैं। उनके पिता प्रेम सिंह हालांकि खेती करते हैं, लेकिन बेटी को कुश्ती के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए फिलहाल सोनीपत में रहते हैं। मीनाक्षी की दो बहन और एक भाई हैं। उनकी मां गृहणी है। मीनाक्षी की कुश्ती को लेकर पूरे गांव में उत्साह का माहौल था, क्योंकि ग्रामीणों को पूरा विश्वास था कि मीनाक्षी इस ट्रायल में अपनी सफलता का परचम लहराएगी। मीनाक्षी अपने गांव के लोगों की उम्मीद पर खरी उतरी और उन्होंने विनेश फोगाट जैसी दिग्गज खिलाड़ी को हरा कर बाहर कर दिया।


19 अप्रैल को गांव में हुई सम्मानित

मीनाक्षी गोयत अप्रैल में हुई सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में सिल्वर पदक जीत चुकी हैं। यह प्रतियोगिता 6 से 12 अप्रैल 2026 तक किर्गिस्तान के बिश्केक में हुई थी। इसमें भारतीय पहलवानों ने 17 पदक जीतते हुए पदक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया था। इसमें एक पहलवान मीनाक्षी गोयत भी थी। मीनाक्षी द्वारा सिल्वर पदक जीतने पर गांव में उनका भव्य स्वागत किया गया था। अब मीनाक्षी ने महिला वर्ग में 53 किलोग्राम वर्ग के भाग लेते हुए ट्रायल के सेमीफाइनल में विनेश फोगाट को 6-4 से हरा दिया।
विज्ञापन




पेरिस ओलंपिक के बाद लगातार चर्चाओं में रही हैं विनेश फोगाट

वहीं भारतीय दिग्गज पहलवान विनेश फोगाट 2024 के पेरिस ओलंपिक में भाग लेने के बाद लगातार चर्चाओं में है। क्योंकि पेरिस ओलंपिक में पदक पक्का करने के बाद भी वजन बढ़ने के कारण वे मुकाबले से बाहर हो गई थी और कोई पदक नहीं जीत पाई। इसके बाद वे हरियाणा के जुलाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की उम्मीदवार बनी और शानदार जीत दर्ज की।



मीनाक्षी गोयत 25 साल की उभरती हुई भारतीय महिला पहलवान हैं। फिलहाल उनका प्रशिक्षण सोनीपत में पूर्व राष्ट्रीय कोच कुलदीप मलिक और अजय मलिक के मार्गदर्शन चल रहा है। मीनाक्षी गोयत हालांकि पिछले महीने किर्गिस्तान के बिश्केक में हुई एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीत तक कुश्ती जगत में खास पहचान बना चुकी हैं, लेकिन वे विश्व नंबर 1 और दो बार की विश्व चैंपियनशीप पदक जीत चुकी अंतिम पंघाल को पटखनी दे कर कुश्ती जगत में अपनी धाकड़ एंट्री मार चुकी हैं।



हरियाणा की पहलवानों के साथ ही हुए विनेश के सारे मुकाबले

ट्रायल के दौरान पहले दो मुकाबलों में विनेश फोगाट की एक तरफा बढ़त रही। विनेश का पहला मुकाबला हरियाणा के ही हिसार की ज्योति सिहाग के साथ हुआ, जिसमें विनेश फोगाट ने ज्योति को 7-1 से हरा दिया। हालांकि ज्योति सिहाग भी जूनियर वर्ल्ड कप की स्वर्ण पदक विजेता हैं। वहीं दूसरे मुकाबले में जींद की ही महिला पहलवान नीशू ने विनेश फोगाट को कड़ी टक्कर दी और विनेश फोगाट 7-6 के अंतर से जीत गई।



दूसरे मुकाबले में हुआ विवाद

दूसरे मुकाबले के दौरान दो बार विवाद हुआ और इसके कारण खेल रोकना पड़ा। क्योंकि मुकाबला शुरू होते ही नीशू ने विनेश फोगाट को गिरा कर 5 अंक अर्जित कर लिए। हालांकि इसके बाद विनेश फोगाट ने वापसी की और नीशू को पटखनी देकर चार अंक ले लिए। इसी दौरान विनेश के पति और पहवान सोमबीर राठी की रेफरी से कहासुनी भी हो गई। विनेश ने फिर से नीशू को पटखनी दी और कुल 6 अंक अपने खाते में कर लिए, जबकि नीशू 5 अंक पर रह गई। अंतिम 59 सेकेंड में दोनों पहलवानों के अंक 6-6 की बराबरी पर आ गए। अंत में विनेश फोगाट के सात और नीशु के छह अंक रहे।



सुबह से ही शुरू हुआ विवाद

विनेश फोगाट सुबह जब ट्रायल में भाग लेने पहुंची तभी विवाद शुरू हो गया था। क्योंकि उनको 50 किलोग्राम भार वर्ग में खेलने के लिए कहा गया। विनेश ने इस पर आपत्ति जताई और इस दौरान बहस भी हुई। ऐसे में स्वयं विश्व कुश्ती फेडरेशन अध्यक्ष संजय सिंह को हस्तक्षेप करना पड़ा और विनेश फोगाट को 53 किलोग्राम वर्ग के ट्रायल के लिए अनुमति मिली।
विज्ञापन


फोटो कैप्शन:
30जेएनडी41: विजेता मीनाक्षी गोयत अपने पिता के साथ। सोशल मीडिया
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें