30जेएनडी32-घटना स्थल पर खड़ी दुर्घटनाग्रस्त कार। संवाद
नरवाना। हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर शनिवार दोपहर जींद डिपो की हरियाणा रोडवेज की एसी बस, कार और ट्रक में टक्कर हो गई। गनीमत रही कि जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। हालांकि कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची।
जींद डिपो की एसी बस नरवाना से चंडीगढ़ जा रही थी। बस में करीब 30 से 40 यात्री सवार थे। बस स्टैंड से निकलने के बाद जब बस ढाकल गांव के पास हाईवे पर पहुंची तो उसके आगे एक कार और ट्रक एक ही दिशा में चल रहे थे। दोनों वाहनों के बीच पर्याप्त जगह नहीं थी और सड़क पर निकलने के लिए बहुत कम स्थान बचा हुआ था।
बस चालक ने आगे चल रहे वाहनों को साइड देने के लिए कई बार हॉर्न बजाया लेकिन कार और ट्रक चालक ने रास्ता नहीं दिया। इसी दौरान धीमी गति से चल रही कार ने अपनी दिशा में हल्का मोड़ लिया जिससे बस कार से टकरा गई। बस का संतुलन भी बिगड़ा और वह साथ चल रहे ट्रक से टकरा गई। यात्रियों ने बताया कि टक्कर के समय तेज आवाज हुई, जिससे बस में सो रहे यात्री भी घबरा गए। हादसे के बाद एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों को बस से नीचे उतार दिया गया।
यात्रियों को करीब 30 मिनट तक हाईवे किनारे दूसरी बस का इंतजार करना पड़ा। बाद में चंडीगढ़ जा रही रोडवेज बस को रोककर यात्रियों को रवाना किया गया, जबकि शेष यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर उनके गंतव्य के लिए भेजा गया।