जींद। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से ओलिंपिक में प्रदर्शन और पदक तालिका में सुधार को लेकर की गई सोशल मीडिया पोस्ट पर जुलाना से कांग्रेस विधायक और अंतरराष्ट्रीय पहलवान विनेश फोगाट ने तंज कसा है। उन्होंने खेल फेडरेशनों की कार्यप्रणाली और उनमें बैठे लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीएमओ की ओर से वीरवार को एक्स पर लिखा गया था कि ओलिंपिक में कई अलग-अलग तरह के खेल होते हैं। भारत की टीमें हिस्सा लेती हैं और कई खेलों में देश की भागीदारी नहीं होती। इस कारण पदक तालिका के बड़े हिस्से के लिए भारत प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाता।
इस पोस्ट पर विनेश फोगाट ने प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर लिखा, प्रधानमंत्री जी खिलाड़ी इवेंट में कैसे भाग लेंगे, जिन खेल फेडरेशनों में आपकी ही पार्टी के गुंडे, ठग और महिलाओं का शोषण करने वाले बैठे हैं जिनको आपकी पार्टी समर्थन देती है और कहती है कि आगे बढ़ो और करो, तुम्हें पूरी आजादी है, हम तुम्हारे साथ हैं। इस आजादी की ही बात कंगना जी करती हैं हमेशा।
विनेश फोगाट की पोस्ट पर यूजर्स का पलटवार, यहां ज्ञान न दें
विनेश की पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स के बीच बहस शुरू हो गई। एक महिला यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा कि जुलाना में जाकर उन लोगों के बीच काम करें जिन्होंने उन्हें वोट दिया है और यहां ज्ञान न दें। वहीं शुभम नाम के यूजर ने उनकी विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए लिखा कि महिला होने का मतलब यह नहीं है कि कुछ भी कहकर बचा जा सकता है। उन्होंने विनेश से अपनी बातों के लिए जिम्मेदारी लेने को कहा।