जींद। प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं को शीघ्रता से सुलझाने के लिए नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित कर रही है। ये शिविर नागरिकों को एक ही छत के नीचे अपनी शिकायत रखने और उसी समय समाधान पाने का अवसर प्रदान कर रहे हैं। सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में लोगों की 7 शिकायतें सामने आईं।
जिनके लिए संबंधित विभागों को मौके पर ही कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य शिकायतकर्ता को तुरंत राहत देना और उसकी परेशानी को प्राथमिकता के आधार पर हल करना है। गांव पोली के निवासियों ने सरकारी स्कूल के पास बारिश के पानी के कारण गली में जलभराव की शिकायत रखी।
वहीं गांव करेला के लोगों ने खेतों में पानी भरने की समस्या बताई। इसके अलावा फैमिली आईडी से जुड़ी परेशानियां भी सामने आईं। सभी मामलों पर डीसी ने संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत निवारण के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बरसात के मौसम में कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
नालियों और सीवर की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि आमजन को जलभराव जैसी समस्या का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर एडीसी विवेक आर्य, डीएमसी सुरेंद्र सिंह, सीटीएम मोनिका रानी, आरटीए गिरीश कुमार, डीआरओ राजकुमार और डीडीपीओ संदीप भारद्वाज मौजूद रहे।