लुदाना-मोरखी रेलवे अंडरपास पर पुतला जलाते ग्रामीण।
- फोटो : Jind
लुदाना-मोरखी रेलवे अंडरपास के नजदीक धरना दे रहे किसानों और ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री और रेलवे प्रशासन का पुतला फूंककर रोष जताया। किसानों ने सरकार व रेलवे विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। जींद-सोनीपत रेलवे लाइन पर लुदाना-मोरखी रेलवे अंडरपास में भरे पानी से नाराज आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने तीन दिन पहले धरना शुरू किया था।
मंगलवार को तीसरे दिन भी ग्रामीणों का धरना जारी रहा। लोगों का कहना है कि इस रेलवे अंडरपास के पानी में लोग डूबकर अपनी जान गवां रहे हैं, लेकिन विभाग व सरकार इस समस्या की और ध्यान नहीं दे रही। रेलवे अंडरपास में पानी भरे होने से यह रास्ता बंद पड़ा हुआ है। किसानों व वाहन चालकों के लिए यह मार्ग खासा परेशानी पैदा कर रहा है। लोगों ने कहा कि रास्ता बंद होने से कई किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। धरने पर बैठे लोगों का कहना था कि जब तक सरकार व विभाग उनकी इस समस्या का समाधान नहीं करेगी। यह धरना ऐसे ही जारी रहेगा और 20 फरवरी से नजदीक लगते सभी गांवों के लोग एकजुट होकर रेल रोको आंदोलन शुरू करेंगेे। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।