गांव ऐंचरा खुर्द व हाट में बिजली निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। गांव ऐंचरा खुर्द में बिजली तारों की जांच करने पहुंचे तीन बिजली कर्मचारियों व गांव हाट के 33 केवी पावर हाउस पर एक कर्मचारी को पीटकर घायल किया गया। घायलों को सफीदों के नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार भी करवाया। जब पुलिस ने कर्मचारियों की शिकायत पर कार्रवाई करने की बताए उन्हें इधर-उधर मिलने को कहा तो बिजली कर्मचारी भड़क गया और इस विरोध में बुधवार से अपना अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने में दौरान कर्मचारियों ने मांग की कि मारपीट करने वालों लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। कर्मचारियों धरने के दौरान पुलिस से भी नाराज है। क्योंकि गांव हाट में कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट की शिकायत पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं, पुलिस ने शिकायत के बाद एफआइआर दर्ज करना भी उचित नहीं समझा। वहीं 27 अगस्त को फिर से बिजली निगम के चार कर्मचारियों के साथ गांव ऐंचरा खुर्द में मारपीट करने व अभद्र व्यवहार करने के बाद सभी कर्मचारी ग्रामीणों व पुलिस से खफा होकर धरने पर बैठ गए। हालांकि पुलिस ने गांव ऐंचरा खुर्द में हुई बिजली कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट में निगम के एसडीओ रामपाल दहिया की शिकायत पर ग्रामीण प्रकाश व कुलदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसडीओ रामपाल दहिया ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि गांव ऐंचरा खुर्द के शिकायत केंद्र में एएलएम सुरेश कुमार, एएलएम कृष्ण कुमार व एएलएम मनीष कार्यरत हैं। यह कर्मचारी 27 अगस्त को सुबह साढ़े 7 बजे सरफाबाद गांव में ब्रेक डाउन एपी लाइन को चालू करने के लिए गए थे और वह लाइन लगभग 8 बजे चालू हो गई थी। लाइन को चालू करने के बाद कर्मचारी शिकायत केंद्र पर पहुंच गए और वहां उन्हें गांव ऐंचरा खुर्द निवासी प्रकाश व कुलदीप मौजूद मिले और उन्होंने अपनी लाइन ठीक करने को कहा। कर्मचारी तुरंत तार ठीक करने के लिए गए और देखा कि उनकी तार लगी हुई थी, लेकिन उस समय लाइट चालू थी। कर्मचारियों ने कहा कि फिलहाल लाइन चालू है। वह परमिट लेकर लाइट ठीक कर देंगे। इस बात पर उन्होंने कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी और शिकायत केंद्र का रजिस्टर भी साथ लेकर चले गए। पुलिस ने एसडीओ रामपाल दहिया की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बिजली कर्मचारियों ने की पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
पिछले चार दिनों में बिजली कर्मचारियों के साथ दो हमलों को लेकर सब अर्बन सब यूनिट सफीदों ज्वाइंट एक्शन कमेटी के आह्वान पर बिजली कर्मचारियों ने बुधवार को अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने के दौरान कर्मचारियों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। धरने की अध्यक्षता प्रधान सुरेश खर्ब द्वारा की गई। कर्मचारियों के प्रधान जितेंद्र भारद्वाज व पंकज भाटिया, राजेंद्र सिंह, जयसिंह बिटानी, इंद्र सिंह गुर्जर, राकेश, सतबीर नारा, नीरज दलाल, रोहतास, बसाऊ राम व कप्तान सिंह ने कहा कि ऐंचरा खुर्द शिकायत केंद्र पर कार्यरत कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार एवं लाठी-डंडों के साथ कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। इसी प्रकार पिछले दिनों हाट पावर हाउस में भी तोड़फोड़ और एसए संदीप के साथ मारपीट की गई थी। इस मामले में जब निगम कर्मचारी थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाने गए तो पुलिस प्रशासन ने उनके साथ बेरुखी भरा व्यवहार किया गया। कर्मचारियों ने कहा कि पुलिस कर्मचारियों का व्यवहार भी सही नहीं रहा। जब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो जाती, तब तक यह अनिय्श्चिकालीन धरना इसी प्रकार जारी रहेगा।
दोनों मामलों की जांच की जा रही
एसडीओ रामपाल दहिया ने पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस ने गांव ऐंचरा खुर्द में हुई बिजली निगम के कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट के मामले में ऐंचरा खुर्द निवासी प्रकाश व कुलदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही इसी एफआईआर में हाट मामले की भी रिपोर्ट लिखी गई है। दोनों मामलों में जो आरोपी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-धर्मबीर, एसएचओ सफीदों।