फोटो 25जेएनडी02-मांगों को लेकर काली पट्टी बांधकर रोष जताते चिकित्सक। स्रोत कर्मचारी
जींद। नॉन-प्रैक्टिसिंग अलाउंस (एनपीए) की बहाली की मांग को लेकर हरियाणा राज्य पशु चिकित्सक संघ के आह्वान पर शनिवार को पशुपालन एवं डेयरी विभाग के पशु चिकित्सकों और अधिकारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। चिकित्सकों ने एचआरएमएस और ई-बिलिंग प्रणाली में एनपीए का लाभ उपलब्ध नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए इसे तत्काल बहाल करने की मांग की।
संघ के महासचिव डॉ. विजय कुमार ने बताया कि कोषागार एवं लेखा विभाग के महानिदेशक की ओर से तीन अगस्त को ज्ञापन के माध्यम से स्वीकृति संबंधी सूचना दिए जाने के बावजूद एनपीए को एचआरएमएस और ई-बिलिंग प्रणाली में बहाल नहीं किया गया है। इससे पशु चिकित्सकों में असंतोष है।
उन्होंने कहा कि काली पट्टी बांधकर किया गया विरोध शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग उठाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वीकृत एनपीए को अनफ्रीज करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि पशु चिकित्सकों को इसका लाभ मिल सके। संघ ने सरकार और संबंधित विभागीय अधिकारियों से लंबित समस्या का जल्द समाधान कर एनपीए को दोनों प्रणालियों में तत्काल प्रभाव से बहाल करने की मांग की है।