26जेएनडी11: संस्थाओं के सदस्य नागरिक अस्पताल में टीबी के मरीजों को पोषण सामग्री भेंट करते हुए।
जींद। जिले को टीबी मुक्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार टीबी के मरीजों के स्वास्थ्य का ध्यान रखे हुए हैं। इसको लेकर सोमवार को नागरिक अस्पताल में टीबी के मरीजों को गोद दिलवाने के लिए कार्यक्रम किया। इसमें दो संस्थाएं भारत विकास परिषद की वीर शाखा व जेसीआई ने 22 टीबी के मरीजों को ठीक होने तक गोद लिया। अब यह संस्थाएं इन मरीजों को हर महीने बेहतर पोषण सामग्री देंगी।
जिले में टीबी के मरीजों की संख्या 1991 है। इन सभी का उपचार चला हुआ है। इसमें से कुछ मरीज आर्थिक रूप से कमजोर हैं। इनका ध्यान रखने की जिम्मेदारी संस्थाओं को दी गई है। टीबी के जिला नोडल अधिकारी डॉ. जेके मान के प्रयासों से अब तक जिले की संस्थाओं व विभागों ने 1234 मरीजों को गोद लिया है। यह संस्थाएं व विभागीय अधिकारी हर महीने इन जरूरतमंद मरीजों को पोषण सामग्री देती हैं, ताकि टीबी को जल्द खत्म किया जा सके।
सरकार टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत दिसंबर माह तक प्रदेश को टीबी मुक्त करने के लिए प्रयासरत है। अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने के साथ मरीजों की सहायता के लिए निक्षय मित्र बनाए जा रहे हैं। जो टीबी के इलाज पर चल रहे मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण सामग्री प्रदान करते हैं, ताकि मरीज उचित इलाज के साथ पोषणयुक्त आहार लेकर टीबी जैसी बीमारी से निजात पा सके। इस दौरान डॉ. जेके मान ने इन संस्थाओं के सदस्यों को इस बेहतर काम में आगे आने पर प्रशस्ति पत्र भी दिया। यह पत्र जेसीआई के प्रधान संदीप सोनी, बीवीपी परिषद से डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी, संजय वर्मा को दिया गया। अवसर पर डीपीपीएम कोमल, डीपीसी संदीप गोयत व नरेश मौजूद रहे।
सभी सामाजिक संस्थाओं, विभागों, जन प्रतिनिधियों व आम जनता को टीबी मुक्त अभियान में सहायता के लिए आगे आना चाहिए। जरूरतमंद मरीजों को गोद लेकर ठीक होने तक पोषण सामग्री दें, ताकि टीबी मुक्त भारत का सपना पूरा हो सके। जिले में अब तक 1234 टीबी के मरीजों को संस्थाओं ने गोद लिया है। अन्य संस्थाओं को भी इस नेक काम में आगे आने की जरूरत है।
डॉ. जेके मान, क्षय रोग नोडल अधिकारी जींद।