जींद। दातासिंह वाला बॉर्डर पर हरियाणा सरकार के इशारे पर पुलिस, आरएएफ ने किसान संगठनों की चार गाड़ियों और 56 बाइक को तोड़ने पर सयुंक्त किसान मोर्चा ने रोष जताया है।
सयुंक्त किसान मोर्चा नेता व किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष फूल सिंह श्योकंद ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकारें किसानों के शांतिपूर्ण आंदोलन को कुचलने के लिए ड्रोन से आंसू गैस के गोले दाग रही है। किसानों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। पुलिस प्रशासन ने किसानों पर लाठीचार्ज करते हुए किसान सभा हरियाणा की गाड़ियों को तोड़ा, टायरों में ड्रिल मशीन से पंक्चर कर दिए। इसके अलावा बीकेयू घासीराम व बीकेयू टिकैत व अन्य किसानों की गाड़ियों को तोड़ते हुए 56 बाइक को नुकसान पहुंचाया। किसान सभा व किसान मोर्चा सरकार से मांग करती है कि इसकी भरपाई की जाए। उन्होंने कहा कि 16 फरवरी को किसानों ने ग्रामीण बंद व ट्रेड यूनियनों ने औद्योगिक हड़ताल का आह्वान किया है। इसमें किसान सभा व सयुंक्त किसान मोर्चा भाग लेगा और जींद, उचाना, नरवाना, अलेवा, सफीदों व जुलाना में चार घंटे रोड जाम करेगा। किसान मोर्चा व ट्रेड यूनियन किसान आंदोलन को लेकर कोई बड़ी घोषणा कर सकती है।