14जेएनडी11 : सभी विजेता छात्राओं को सम्मानित करते हुए विद्यालय स्टाफ सदस्य। स्रोत संस्थान।
नरवाना। लुधियाना में आयोजित नेशनल रॉक बॉल चैंपियनशिप में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय उझाना की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार नेशनल खिताब अपने नाम किया। टीम ने 11 से 13 नवंबर तक चली प्रतियोगिता में पंजाब, छत्तीसगढ़ और राजस्थान को लीग मुकाबलों में पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
निर्णायक मुकाबले में भी उझाना की बेटियों ने दमदार खेल दिखाते हुए छत्तीसगढ़ को हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया। टीम ने पिछले वर्ष भी छत्तीसगढ़ में आयोजित प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया था। इस बार भी खिलाड़ियों ने उसी जज्बे और आत्मविश्वास के साथ इतिहास को दोहराया।
नेशनल विजेता बनकर लौटने पर उझाना गांव में खिलाड़ियों, कोच और टीम के साथ गए विद्यालय के पीटीआई रणधीर और बलजीत का ग्रामीणों, स्टाफ सदस्यों और बच्चों ने भव्य स्वागत किया। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर विजेता टीम का उत्साह बढ़ाया गया। ग्रामीणों ने फूल मालाओं से खिलाड़ियों और कोच का सम्मान किया और उनकी जीत पर बधाई दी।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुमित्रा देवी ने भी टीम को नेशनल चैंपियन बनने ओर मंगल सिंह जिन्होंने की इस टीम को समय-समय पर ट्रैक सूट वॉलीबॉल देकर खेलने के लिए प्रोत्साहित किया उनको बधाई दी। उन्होंने कहा कि उझाना की बेटियों ने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।