प्रदेश के उपमुख्यमंत्री उचाना कलां से विधायक दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को क्षेत्र के गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उचाना खुर्द आईटीआई में दो से तीन महीने के अंदर होंडा का मॉडल ट्रेनिंग सेंटर बन जाएगा। इस पर एक करोड़ रुपये होंडा खर्च करेगी। इससे जहां क्षेत्र के लोगों को अच्छे कोर्स करने का मौका मिलेगा, वहीं रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। सेंटर में कोर्स करने वाले युवाओं को होंडा में ही नौकरी मिल सकेगी। इस दौरान उन्होंने उन्होंने 83 लाख रुपये से बनने वाले सामुदायिक केंद्र का शिलान्यास भी किया।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि विस चुनाव में उचाना के मतदाताओं ने रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। यहां के लोगों ने हमेशा उनका साथ दिया। लोगों का यह अहसान उनका परिवार कभी उतार नहीं सकता। बीते 11 साल से वे निरंतर हलके में आ रहे हैं। यहां के लोग 11 सालों से राजनीति के हर दौर में उनके साथ रहे हैं। उचाना को माडर्न हलका बनाने के लिए जो परियोजनाएं हैं, उन पर काम तेजी से काम किया जाएगा, ताकि उचाना विकास के मामले में आगे निकल सके।
संगठन होता है ताकत
दुष्यंत ने कहा कि संगठन किसी भी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होता है। जिस पार्टी को बच्चा पार्टी कहते थे उस पार्टी के संगठन ने प्रदेश में 16 फीसदी मत लेने के साथ-साथ 10 सीटें भी जीती। अब 20 जनवरी तक पार्टी का सदस्यता अभियान चल रहा है। इसलिए अधिक से अधिक सदस्यों को पार्टी के साथ जोडने के लिए घर-घर जाएं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत 30 से 40 लाख रुपये के एस्टीमेट बना कर भिजवाएं ताकि नए बजट से पहले उन्हें मंजूर करवाया जा सकें। उन्होंने कहा कि पांच करोड़ रुपये की राशि विधायक को खर्च करने के लिए एक साल मिलेगी। इसलिए जो भी गांव का सामूहिक कार्य हो इसका एस्टीमेट सबसे पहले बनाने का काम करें।
कालवा गांव में खेल स्टेडियम की मांग
कालवा गांव में खेल स्टेडियम की मांग को लेकर लोग उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से मिले। दुष्यंत चौटाला ने उनकी मांगों को पूरा करवाने का आश्वासन दिया। हैप्पी कालवा ने बताया दुष्यंत चौटाला ने गांव की पंचायत द्वारा खेल स्टेडियम के लिए कम से कम साढ़े छह एकड़ जमीन की व्यवस्था करवाने को कहा है।
भवन निर्माण मजदूरों ने मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
भवन निर्माण कामगार यूनियन ने निर्माण मजदूरों की समस्याओं को लेकर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण यूूनियन के मजदूरों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। इस कारण मजदूरों में रोष है। मजदूरों के हित के लिए उन्हें सुविधाओं का लाभ दिया जाए। इस अवसर पर रामनिवास, रामेहर, सुल्तान, मोहन, रघुबीर, वीरभान, ईश्वर भी मौजूद रहे।
शहर के विकास के लिए सौंपा ज्ञापन
वरिष्ठ नागरिक कल्याण सभा ने शुक्रवार को शहर के विकास के लिए उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को ज्ञापन सौंपा। सभा के प्रधान रामफल खर्ब ने कहा कि जींद जिला विकास और सुविधाओं को तरस रहा है। पांडू-पिंडारा और कुरुक्षेत्र धार्मिक स्थान हैं। सभा के सदस्यों ने कहा कि किनाना से इक्कस होते हुए नरवाना रोड तक बाईपास बनाया जाए, ताकि बाहर से आने वाले भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकें। इसके अलावा सभा ने खेल विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द करवाया जाए। इंटरलाकिंग टाइलों से बनी सड़कों और गलियों को तारकोल से बनवाया जाए।
इस मौके पर कर्मबीर दूहन, किताब सिंह भनवाला, दलबीर रेढू, यशपाल मोर, रामरतन, खजान सिंह, नेहरू मलिक मौजूद रहे।
अन्ना टीम ने की सड़क बनवाने की मांग
अन्ना टीम शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से मिलकर जींद शहर की प्रमुख सड़कों को जल्द बनवाने की मांग की। टीम के सदस्य सुनील वशिष्ठ ने बताया कि इसके तहत रोहतक रोड बाई पास से देवीलाल चौक, टेनरी मोड़ से पुल और पटियाला चौक से नरवाना रोड बाईपास तक लगभग 14 किलोमीटर सड़क को फोरलेन करवाया जाए। सफीदों रोड पर पीडब्ल्यूडी ने साढ़े पांच करोड़ रुपये की लागत से टाइल्स लगा कर खराब कर दिया गया है। मिनी बाईपास शहर की पांच प्रमुख सड़कों को जोड़ता इसका दोबारा से निर्माण करवाया जाए।
उचाना में दुष्यंत चौटाला की जनसभा में उपस्थित भीड़।- फोटो : Jind
उचाना खुर्द गांव में आयोजित ग्रामीण जनसभा में मौजूद डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला व अन्य नेता।- फोटो : Jind