उचाना (जींद)। नव वर्ष पर कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला मंगलवार को पार्टी कार्यालय पहुंचे। यहां पर कार्यकर्ताओं ने फूलों की माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
कार्यालय में पूरे दिन डिप्टी सीएम ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उसका निदान भी किया। कार्यकर्ताओं से मिलकर नव वर्ष की बधाई देने के साथ-साथ फसल, गांव के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के परिवार में कुशल-मंगल डिप्टी सीएम ने पूछी। डिप्टी सीएम ने कहा कि उचाना हलका मेरा परिवार है। यहां के लोगों के कामों के लिए हर समय तैयार रहता हूं। उचाना हलके में सड़क के निर्माण से लेकर सामूहिक कामों पर करोड़ों रुपये की राशि खर्च हुई है। जींद जिले की विकास के मामले में कांग्रेस सरकार में अनदेखी की गई। आज जींद विकास के मामले में सबसे आगे निकल रहा है। मेडिकल कॉलेज भी इस साल शुरु हो जाएगा। जींद में मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग को देखकर लगता है कि जैसे गुरुग्राम में पहुंच गए हों। कई हाईवे आज जींद से जुड़े है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में लाखन माजरा तक विकास रुक जाता था। आज समान रूप से विकास कार्य प्रदेश में सरकार द्वारा करवाए जा रहे हैंं। विकास को लेकर धन की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जा रही है। विकास की रफ्तार कोरोना काल के बाद धीमी पड़ गई थी जिसे तेज करने का काम किया गया है। जो लोग सत्ता के दौरान जींद की विकास में अनदेखी करते थे आज वो जींद से अपना रिश्ता बताने में लगे हुए है। जब वो सत्ता में थे तो 10 साल तक जींद की याद नहीं आई। एक जिले तक विकास और रोजगार को सीमित कर दिया था।
कार्यकर्ताओं के साथ खाई जलेबी व पकौड़े
कार्यकर्ताओं के लिए जेजेपी की शहरी टीम द्वारा नव वर्ष मिलन कार्यक्रम पर जलेबी, पकौड़े की व्यवस्था की। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला द्वारा कार्यकर्ताओं के साथ जलेबी का स्वाद चखने के साथ पकौड़े भी खाए। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को अपने बीच पाकर कार्यकर्ताओं में जोश दिखाई दिया। पूरे दिन कार्यकर्ताओं के बीच दुष्यंत चौटाला के रहने से कार्यकर्ताओं के अंदर जोश का संचार दिखाई दिया।
उचाना खुर्द में कर्मचंद शर्मा की पत्नी के निधन पर शोक प्रकट करने डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला उचाना खुर्द पहुंचे। यहां से ब्लॉक समिति चेयरमैन दिनेश सुकदैन कलां के आवास पर पहुंच कर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर विधायक अमरजीत ढांडा, जोरा सिंह डूमरखा, अनिल शर्मा, पप्पू नगूरां, यशपाल बुडायन, बिट्टू नैन, महीपाल बधाना, रणधीर बूरा, सतीश बैनीवाल, गुरदीप सांगवान मौजूद थे।