जींद। टोहाना से जींद की ओर आ रही इंटरसिटी एक्सप्रेस में सोमवार सुबह महिला के गले से 14.2 ग्राम सोने की चेन तोड़ ली। वारदात के बाद यात्रियों ने दो महिलाओं को पकड़ लिया। ट्रेन के नरवाना रेलवे स्टेशन पहुंचने पर दोनों महिलाओं को जीआरपी के हवाले कर दिया गया।
महिलाओं की पहचान जसविंद्र कौर और परमजीत कौर निवासी इंद्रा कॉलोनी, रामबाग, जिला लुधियाना के रूप में हुई है। उनके कब्जे से चोरी की गई चेन भी बरामद कर ली गई है।
भिवानी जिले के गांव झरवाई निवासी दीपांशु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी मां मायावती के साथ अपनी बहन पूनम की ससुराल समैण गांव आए हुए थे। सोमवार सुबह वह अपनी मां के साथ शकूरबस्ती जाने के लिए टोहाना स्टेशन पहुंचे थे। इंटरसिटी एक्सप्रेस में सवार होते समय दो महिलाओं ने उनकी मां के गले से चेन तोड़ ली। शोर मचाने पर यात्रियों ने दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में एक महिला ने चेन दूसरी महिला को देने की बात कही। दूसरी महिला के पास से चेन बरामद कर ली गई। पुलिस ने दोनों की पहचान जसविंद्र कौर और परमजीत कौर, निवासी इंद्रा कॉलोनी, रामबाग, जिला लुधियाना के रूप में की है। जीआरपी चौकी जाखल ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वर्जन
महिला की गले से चेन तोड़ने के मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से तोड़ी गई सोने की चेन बरामद हुई है। महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-नरेश कुमार, प्रभारी, जीआरपी चौकी जाखल