फोटो 24जेएनडी06-पुलिस गिरफ्त में अध्यापक पर चाकू से हमला करने के आरोपी। स्रोत पुलिस
जींद। नरवाना। शहर के डीएवी स्कूल के फिजिक्स अध्यापक सतीश कुमार पर चाकू से हमला करने के दो छात्र आशीष और उसके साथी रमनदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से जिला जेल भेज दिया गया।
अध्यापक सतीश कुमार ने पुलिस में दर्ज एफआईआर में बताया कि छात्र आशीष 12वीं कक्षा में आर्ट्स का छात्र है। वह झगड़ालू और अनुशासनहीन स्वभाव का है। आशीष ने पहले भी कई बार शिक्षकों को धमकी दी थी। इस कारण उसे स्कूल से निष्कासित भी किया गया था।
21 जुलाई की सुबह सतीश कुमार को वॉट्सऐप पर जान से मारने की धमकी मिली थी। उसी दिन शाम छह बजे जब वह घर जा रहे थे। आशीष ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीछे से उन पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले के बाद अध्यापक को सरकारी अस्पताल नरवाना ले जाया गया। वहां से उन्हें जींद रेफर कर दिया गया था। पुलिस ने छात्र के खिलाफ हत्या के प्रयास की एफआईआर दर्ज की। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पूर्णदास ने बताया कि आरोपी छात्र आशीष और रमनदीप को गिरफ्तार कर लिया है।