पार्क के जीर्णोद्वार के लिए शिलान्यास करते विधायक।
- फोटो : Jind
जींद। शहर के पार्कों के दिन जल्द ही सुधरने वाले हैं। इसके लिए विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने पार्कों के जीर्णोद्धार को लेकर 25 लाख रुपये की ग्रांट जारी की है। शीघ्र ही इस ग्रांट से टेंडर लगाए जाएंगे और अर्बन इस्टेट, डिफेंस कालोनी व हाउसिंग बोर्ड के पार्कों का जीर्णोद्धार करवाया जाएगा। रविवार को विधायक मिड्ढा ने हाउसिंग बोर्ड कालोनी के दो पार्कों के जीर्णोद्धार के कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान उनके साथ नगर परिषद की अध्यक्ष डॉ. अनुराधा सैनी भी मौजूद रहीं।
डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि एक पार्क पर 6.80 लाख रुपये तथा दूसरे पार्क पर पांच लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसके अलावा शहर के अन्य पार्कों के जीर्णोद्धार का कार्य भी शीघ्र शुरू होगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश का विकास पहिया तेजी से घूम रहा है और सरकार यही प्रयास कर रही है कि पंक्ति में अंतिम छौर पर खड़े व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले। नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. अनुराधा सैनी ने कहा कि शहर के विकास कार्यों को लेकर वार्ड पार्षदों के साथ राय ले रही हैं। साथ ही शहर के लोगों से उनकी समस्याएं जान रही हैं। शहर के विकास कार्यों को गति देने तथा नई परियोजनाओं को लेकर नगर परिषद की 20 जनवरी को बैठक बुलाई गई है। बैठक में 31 प्रस्तावों को रखा जाएगा, जबकि पार्षदों द्वारा रखे जाने वाले अन्य कार्य अलग से होंगे।