04जेएनडी32: बिरौली गांव में फोगिंग करवाते स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी। स्रोत : कर्मचारी
जींद। जिले में वीरवार को डेंगू के दो नए मामले मिले हैं। इनमें पटेल नगर के किशोर (17) और विकास नगर के बच्चे (10) में डेंगू संक्रमण पाया गया है। इसके साथ ही डेंगू मरीजों की कुल संख्या 105 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दोनों बच्चों को हल्का बुखार, शरीर दर्द और कमजोरी की शिकायत के बाद जांच के लिए अस्पताल लाया गया था। एलाइजा जांच में डेंगू वायरस की पुष्टि होने पर उपचार शुरू कर दिया गया है। लगातार बढ़ते डेंगू मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क मोड में आ गया है।
विभाग ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों और फील्ड स्टाफ को अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश जारी किए हैं। मलेरिया नोडल अधिकारी डॉ. बिजेंद्र ढांडा ने बताया कि डेंगू पर नियंत्रण के लिए फॉगिंग और लार्वा निरोधक दवाओं का छिड़काव जारी रहेगा। विभाग का लक्ष्य आने वाले दिनों में संक्रमण की चेन को तोड़कर डेंगू के प्रसार को रोकना है। इसके लिए स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं।