14जेएनडी20: चोरीशुदा बाइक समेत पुलिस गिरफ्त में पकड़े गए दोनों आरोपी। स्रोत पुलिस प्रशासन
जींद। नरवाना सीआईए स्टाफ की टीम ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की 11 बाइक बरामद की गई हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिंसर गांव निवासी जोगिंद्र उर्फ काला और गांव ढाकल निवासी हाकिम खान के रूप में हुई हैं। आरोपियों ने बाइक नरवाना, उचाना, कलायत, राजौंद, कैथल व कुरुक्षेत्र से चोरी की हैं। आरोपी बाइक को बेचने की फिराक में थे।
सीआईए इंचार्ज सुखदेव सिंह ने बताया कि नरवाना और उचाना क्षेत्र में बाइक चोरी की वारदात बढ़ गई थीं। इसको गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सीआईए की एक विशेष टीम गठित की थी। 13 अप्रैल को सीआईए नरवाना की एक टीम एएसआई शमशेर सिंह के नेतृत्व में गांव सिंसर में मौजूद थी। इस दौरान टीम को सूचना मिली कि जोगिंद्र उर्फ काला ने नरवाना, उचाना और कैथल से कई बाइक चोरी कर रखी हैं। वह कुछ ही समय बाद सींसर से हथो रोड पर चोरी की बाइक पर अपने साथी के साथ आएगा। सूचना के आधार पर पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को रोककर पूछताछ की तो जोगिंद्र उर्फ काला ने उचाना से बाइक चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह नशे की पूर्ति के लिए बाइक चोरी करता है। चोरी के बाद वह अपने साथी हाकिम खान के माध्यम से उसे आगे कम दामों में बेच देता था। सीआईए टीम ने छापा डालकर जोगिंद्र के मकान से चोरी की आठ और हाकिम खान के मकान से चोरी की दो बाइक बरामद हुई और एक बाइक मौके पर पकड़ी गई।
सीआईए इंचार्ज सुखदेव सिंह ने बताया कि हाकिम खान का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, लेकिन जोगिंद्र उर्फ काला पर मोटरसाइकिल चोरी, हत्या, लड़ाई-झगड़े, आर्म्स एक्ट समेत 16 मामले दर्ज हैं। आरोपी पर सदर थाना नरवाना में आर्म्स एक्ट समेत तीन मामले, शहर थाना नरवाना में 9 मामले, कलायत में एक मामला, जीआरपी जींद में एक मामला, थाना सिविल लाइन जींद में एक मामला व उचाना थाना में एक मामला दर्ज है।
14जेएनडी20: चोरीशुदा बाइक समेत पुलिस गिरफ्त में पकड़े गए दोनों आरोपी। स्रोत पुलिस प्रशासन