सफीदों। जींद-सफीदों मार्ग पर मलार गांव के पास रविवार रात लगभग साढ़े आठ बजे एक ट्रैक्टर चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार दो युवा दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। सोमवार सुबह शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। सुबह ही परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे।
गांव बुढ़ाखेड़ा निवासी रवि (21) तथा मनजीत (22) सफीदों की तरफ से अपने गांव बुढ़ाखेड़ा में आ रहे थे। जब वे मलार गांव के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसमें दोनों युवक बाइक से गिर गए और सिर में चोट अधिक लगने के कारण इनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। सुबह शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। सदर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दोनों शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पहुंचा दिया गया है। सुबह परिजनों के बयान दर्ज करके शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
रवि के पास काम करता था मनजीत
गांव बुढ़ाखेड़ा निवासी रवि व मनजीत आपस में दोस्त थे। दोनों एक ही बाइक पर काम करने के लिए सफीदों जाते थे। रवि की स्टूडियो की दुकान थी तथा मनजीत उसके पास एलबम के फ्रेम आदि बनाने का काम करता था। दोनों की मौत के बाद गांव बुढ़ाखेड़ा में मातम छा गया है।