संवाद न्यूज एजेंसी
सफीदों। प्रशासन की सख्ती के बाद भी गांवों में किसान पराली जला रहे हैं। एसडीएम सफीदों मनीष कुमार फोगाट ने प्रशासनिक अमले के साथ शनिवार को कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव जयपुर के एक किसान पर 2500 तो सिल्लाखेड़ी गांव में एक किसान पर 5000 रुपये का जुर्माना लगाया।
एसडीएम ने धर्मगढ़, मलिकपुर, रोहड, मुआना, सिंघाना, पाजू खुर्द, जयपुर, छाप्पर, सिल्लाखेड़ी, बहादुरगढ़, रत्ताखेड़ा व कारखाना आदि गांवों में जाकर खेतों का मुआयना किया। इस मौके पर कृषि विभाग, पंचायत विभाग, पटवारी, नंबरदार, सरपंच व अग्निशम विभाग के कर्मचारी साथ में रहे। एसडीएम ने जिन खेतों में किसानों ने पराली में आग लगाई हुई थी। वहां अग्निशमन के माध्यम से आग बुझवाई और उन खेतों के किसानों को पर जुर्माना लगवाया। एसडीएम ने गांव जयपुर के एक किसान पर 2500 तो सिल्लाखेड़ी गांव में एक किसान पर 5000 रुपये जुर्माना लगाया।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भविष्य में वे फिर पराली जलाई तो उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई जाएगी। उन्होंने गांवों में मॉनिटरिंग के लिए सरपंच, नंबरदार, पटवारी और कृषि विभाग के अधिकारियों की ड्यूटियां भी लगाई। उन्होंने किसानों को समझाया कि पराली आज नुकसान का नहीं बल्कि फायदे का सौदा है। पराली खरीदने वाले अनेक व्यापारी हैं जिन्हें पराली बेचकर मुनाफा कमाया जा सकता है। किसान स्ट्रॉबेलर मशीन बुक करवाकर पराली की गांठें बनवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को धान की फसल के अवशेष जलाना भारी पड़ सकता है। पराली जलाने से पर्यावरण दूषित होता ही है साथ ही साथ मानव व अन्य जीवों पर गहरा दुष्प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि किसान पराली न जलाएं।