जींद। नागरिक अस्पताल में सोमवार को 45 लोगों की डेंगू जांच की गई। इनमें से दो लोगों की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। इनमें एक युवक जींद शहर तथा दूसरा व्यक्ति ढाठरथ गांव का है। दोनों को नागरिक अस्पताल में दाखिल किया गया है। इसके साथ ही जिले में डेंगू पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 67 हो गई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार लोगों को डेंगू के बारे में जागरूक कर रही हैं।
जिले में बढ़ते डेंगू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने हाउसिंग बोर्ड, सैनी मोहल्ला, रूपनगर, संत नगर समेत कई कॉलोनियों में जागरूकता अभियान चलाया। इसके साथ कई 10 बुखार पीड़ितों के सैंपल लेकर जांच के लिए नागरिक अस्पताल भेजे गए। स्वास्थ्य निरीक्षक राममेहर वर्मा ने कहा कि इस समय मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, इसलिए मच्छरजनित बीमारियों से लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। वर्तमान मौसम डेंगू और मलेरिया के मच्छरों के लिए अनुकूल होने से डेंगू के ज्यादा फैलने की आंशका रहती है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति यदि थोड़ी सी सावधानी बरतते हुए अपने घर तथा आसपास की सफाई करते हुए गड्ढों, खाली पड़े टायरों व गमलों में पानी जमा न होने दे और सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करे तो इन बीमारियों से बच सकता है।
सोमवार को दो लोगों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है। बचाव के लिए सभी उपाय किए जाएं तो डेंगू को बढ़ने से रोका जा सकता है। -डॉ. रमेश पांचाल, डिप्टी सिविल सर्जन, मलेरिया।