शिक्षक के पैर में गोली मारकर 40 हजार रुपये लूटने के आरोपी बीबीपुर गांव निवासी कर्मबीर और ढिगाना गांव निवासी रोहित उर्फ टिंकू को शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से दोनों आरोपियों को अदालत ने जेल भेज दिया है।
रोहतक रोड निवासी राजकुमार ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह शामलो कलां गांव के स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उसका छोटा भाई सुरेंद्र नई अनाज मंडी के पास कबाड़ी की दुकान चलाता है। नौ दिसंबर 2020 की शाम वह किसी कार्य से बाहर चला गया था। इस कारण वह दुकान पर बैठा था। शाम करीब साढ़े छह बजे अपना कार्य निपटाकर नकदी बैग में डालकर दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी में था। इस दौरान बाइक पर तीन युवक आए। इनमें से दो युवक उसके पास और तीसरा युवक बाइक स्टार्ट किए हुए था। दोनों युवकों ने उसे पिस्तौल दिखाते हुए कहा कि कैश दे दो। इसके बाद एक युवक ने पिस्तौल से उस पर गोली चला दी थी। गोली उसके पांव में जा लगी और वह वहीं गिर गया था। फिर दोनों युवकों ने उससे बैग छीन लिया था। बैग में 40 हजार रुपये तथा अन्य जरूरी कागजात थे। उसके द्वारा शोर मचाने पर तीनों युवक बाइक पर सवार होकर मौके से भाग गए थे। शहर थाना पुलिस ने इस मामले में तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ गोली मारकर पैसे छीनने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच अधिकारी एएसआई ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में आरोपी कर्मबीर उर्फ निहाला तथा रोहित उर्फ टिंकू को अदालत में पेश किया, जहां से अदालत के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया।