जींद। सेक्टर-8 स्थित पॉलीक्लीनिक में आयुष विभाग की बिल्डिंग को लेकर स्वास्थ्य और आयुष विभाग के बीच खींचतान चल रही है। मामले की जांच के लिए शुक्रवार को आयुष विभाग की उच्च स्तरीय टीम नागरिक अस्पताल पहुंची और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
टीम में आयुष विभाग के अतिरिक्त निदेशक विजेंद्र हुड्डा, अतिरिक्त निदेशक सुषमा नैन, हिसार के जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. धर्मपाल पूनिया, मुख्यालय से डॉ. शशिकांत और डॉ. चंदन दुआ शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान टीम ने पॉलीक्लीनिक में संचालित आयुष विभाग के पंचकर्मा केंद्र के साथ-साथ नागरिक अस्पताल में चल रही आयुष विभाग की ओपीडी के भवन का भी निरीक्षण किया।
अतिरिक्त निदेशक विजेंद्र हुड्डा ने बताया कि फिलहाल नागरिक अस्पताल में पंचकर्मा केंद्र को शिफ्ट करने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है। जैसे ही उचित स्थान और व्यवस्था होंगी, केंद्र को यहां तुरंत शिफ्ट कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि आयुष विभाग की ओपीडी नागरिक अस्पताल में अलग बिल्डिंग में चल रही हैं। आयुष विभाग का पंचकर्मा केंद्र स्वास्थ्य विभाग की सेक्टर-8 की पालीक्लीनिक में चल रहा है। जिन कमरों में पंचकर्मा केंद्र चल रहा है, उन कमरों को स्वास्थ्य विभाग खाली करवाना चाहता है।
एक-दूसरे में उलझे विभाग
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अस्पताल में नई कैथ लैब खोली जानी है। इसलिए उन्हें कमरों की जरूरत है। वहीं, आयुष विभाग का कहना है कि पंचकर्मा केंद्र शिफ्ट करने के लिए नागरिक अस्पताल में पर्याप्त जगह नहीं है। मामला उस समय ज्यादा बढ़ गया जब सिविल सर्जन ने पंचकर्मा के कर्मचारियों की ड्यूटी नागरिक अस्पताल में ही लगा दी। इनमें से कुछ कर्मचारी तो स्वास्थ्य विभाग के पास अस्पताल में काम कर रहे हैं। वहीं कुछ कर्मचारी पंचकर्मा केंद्र में ही काम कर रहे हैं। दोनों ही जगह कर्मचारियों की गैर हाजिरी लग रही है।
वर्जन
अभी आयुष विभाग की बिल्डिंग में पर्याप्त जगह नहीं है। जब तक जगह का इंतजाम नहीं हो जाता तब तक पोलीक्लीनिक में ही पंचकर्मा सेंटर चलता रहेगा। पर्याप्त जगह के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं आयुष विभाग के जो कर्मचारी फिलहाल स्वास्थ्य विभाग में काम कर रहे हैं। जल्द ही वह पंचकर्मा केंद्र में काम करना शुरू करेंगे।
-विजेंद्र हुड्डा, अतिरिक्त निदेशक, आयुष विभाग