फोटो 9 नरवाना। ट्रक से निकलकर गौशाला में कटड़ों को छोड़ते हुए। स्रोत पुलिस।
नरवाना। सदर थाना पुलिस ने पशु तस्करों पर कार्रवाई करते हुए 107 कटड़ों से भरे एक ट्रक को कब्जे में लिया है। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस एएसआई कुलदीप सिंह के नेतृत्व में गश्त के दौरान गांव डुमरखां के नजदीक मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि नरवाना-ढाकल रोड पर एक ट्रक में बड़ी संख्या में कटड़ों को बिना चारा-पानी और उचित व्यवस्था के अमानवीय तरीके से भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर ट्रक को रोक लिया।
जांच में ट्रक में 107 कटड़े ठूंस-ठूंसकर भरे हुए मिले। पुलिस ने ट्रक में सवार पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों की पहचान चरणजीत, रवि, गोला राम निवासी नंगल फतेहाबाद, सुखा निवासी देवबंद सहारनपुर और जग्गू निवासी सरदारेवाला रतिया के रूप में हुई।
पुलिस ने सभी कटड़ों को सुरक्षित निकालकर नरवाना की गोशाला में भिजवाया, जहां उनके चारा-पानी और देखभाल की व्यवस्था की गई। ट्रक और पशुओं को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ थाना सदर नरवाना में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11, 59 और 60 के तहत केस दर्ज किया गया।