07जेएनडी17-जींद के उचाना में हाईवे पर गड्ढे में फंसा ट्रक। संवाद
उचाना। बारिश के बाद जलमग्न दिल्ली-पटियाला नेशनल हाईवे पर शहर में पुलिस थाना के सामने गड्ढों में वाहन फंस रहे हैं। रविवार को भी एक राखी से भरा ट्रक फंस गया। गहरे गड्ढे में नीचे से ट्रक का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। नाला की तरफ टेढ़ा होने के कारण ड्राइवर को भी चोट आई है।
पानीपत के ट्रक मालिक ऋषिपाल एडवोकेट के अनुसार उसका राखी से भरा ट्रक तलवंडी से पानीपत आ रहा था। सुबह साढ़े चार बजे उसे ड्राइवर से सूचना मिली कि उचाना में थाना के पास दिल्ली-पटियाला नेशनल हाईवे पर भरे पानी के कारण गहरे गड्ढे का पता नहीं लग पाया और ट्रक गड्ढे में गिरने जा फंसा। इससे ट्रक का नीचे का हिस्सा टूट गया और ड्राइवर को भी चोट आई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क पर दो-दो फीट तक के गहरे गड्ढे हैं। बारिश के पानी में ये गड्ढे दिखाई नहीं देते जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। इस हादसे में ट्रक और उसमें लदे सामान को मिलाकर लाखों का नुकसान हो गया। हादसे के बाद से वाहन चालक इस स्थान पर बेहद धीमी गति से गुजर रहे हैं।
इससे उचाना थाने के पास बार-बार लंबा जाम लग रहा है। हाईवे पर जल भराव की समस्या गंभीर बनी हुई है जिससे सड़क की स्थिति और खराब हो रही है। हालांकि विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री भी यहां दो दिन पहले दौरा कर चुके हैं और संबंधित अधिकारियों को पानी निकालने के आदेश दे चुके हैं।