जींद। दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस वे पर जामनी गांव के पास ट्रेलर ट्रक से टकराने के कारण ट्रक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों के बाएं पैर में गंभीर चोटें आईं। संक्रमण बढ़ने पर डॉक्टरों को ऑपरेशन कर दोनों के बाएं पैर काटने पड़े।
राजस्थान के बाड़मेर जिले के नेगरड़ा झाम्पली कलां निवासी 48 वर्षीय लूणा खान ने एफआईआर में बताया कि वह अपने बड़े बेटे पांधी खान के साथ ट्रक चलाते हैं। दोनों खमीशे खान के ट्रक पर चालक और परिचालक के रूप में काम करते हैं।
आठ अक्तूबर को वे महाराष्ट्र के मालेगांव से ट्रक में कच्चा रबड़ लोड करके कैथल जा रहे थे। दस अक्तूबर की रात करीब दो बजे जब वे दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे पर जामनी गांव के पास पहुंचे तो उनके ट्रक के आगे एक ट्रेलर ट्रक चल रहा था। आरोप है कि ट्रेलर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे उनका ट्रक पीछे से ट्रेलर ट्रक से टकरा गया। हादसे में वह दोनों बाप-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद राहगीरों की मदद से दोनों को नागरिक अस्पताल जींद पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। परिजन उन्हें आगे इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले गए। इसके बाद 12 अक्तूबर को दोनों को गुजरात के बनासकांठा जिले के डीसा स्थित विश्वास अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस हादसे में लगी चोटों में संक्रमण बढ़ने के कारण इलाज के दौरान डॉक्टरों को ऑपरेशन करके दोनों के बाएं पैर काटने पड़े।
वर्जन
पुलिस ने मामले में ट्रेलर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-मनोज कुमार, प्रभारी, पुलिस थाना पिल्लूखेड़ा