फोटो 15जेएनडी28-डीआरडीए कार्यालय में सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष ईश्वर सिंह पलाका के पहुंचने
- फोटो : credit
जींद। सफाई कर्मचारी अपनी शिकायतें और सुझाव आयोग के समक्ष रख सकते हैं, ताकि नियमानुसार समाधान करवाया जा सके। यह बात हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष ईश्वर सिंह पलाका ने वीरवार को डीआरडीए सभागार में कही। वह सेवा संकल्प अभियान के तहत सफाई कर्मचारियों के लिए आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर के दूसरे दिन पहुंचे थे।
अध्यक्ष ईश्वर सिंह पलाका ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याएं और सुझाव भी सुने। पलाका ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों और गांवों को स्वच्छ रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की देखभाल और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अब तक जांच नहीं करवाने वाले कर्मचारियों को भी शिविर में लाकर उनकी स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सीवर की सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने पर जोर देते हुए कहा कि कर्मचारियों की जान और स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि सफाई कार्यों के दौरान कर्मचारियों को जरूरी सुरक्षा उपकरण और संसाधन उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य होगा, तभी कर्मचारी पूरी क्षमता से काम कर सकेंगे। इस दौरान ईओ सुशील भुक्कल, पीओ शकूर खान, सुभाष, रितु भी मौजूद रही।