05जेएनडी05: टूटी हुई सड़कों से दुकानों में हो रहे नुकसान की जानकारी देते हुए। स्रोत दुकानदार
जींद। बाजरान मोहल्ला स्थित सुनार मार्केट के दुकानदारों ने बुधवार को नगर परिषद के खिलाफ रोष जताया। दुकानदारों की मांग है कि मार्केट में पिछले काफी समय से गड्ढे हैं और इनमें पानी भरा रहता है। इससे उनकी दुकानों में भी दरारें आनी शुरू हो गई हैं। समस्या को लेकर अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया, लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।
बाजरान मोहल्ला स्थित सुनार मार्केट के दुकानदार रामफल, प्रदीप, भारत, सुनील, कृष्ण कुमार, सुरेश कुमार, जयभगवान, प्रवीण कुमार ने कहा कि अगर जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वो दुकानें बंद कर धरने पर बैठ जाएंगे। इसकी जिम्मेवारी अधिकारियों की होगी। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को दी शिकायत में बताया कि वार्ड-15 की सुनार मार्केट में जो सड़कें बनी हुई हैं। वह काफी पुराने समय में बनी थी, जो अब जर्जर हो चुकी हैं। काॅलोनी की गलियों में काफी गड्ढे व दरारें बन चुकी हैं। इसकी वजह से बारिश का पानी इनमें जमा हो जाता है। वहीं, नालियों का पानी भी रिसाव कर इन दरारों में भर रहा है। इसकी वजह से उनकी दुकानों में दरारें आनी शुरू हो चुकी हैं।
दरारें इतनी गहरी हैं कि कभी भी उनकी दुकानें गिर सकती हैं और बड़ा हादसा हो सकता है। इसलिए यहां गली को तोड़कर जब तक इसे सीसी का नहीं बनाया जाता, तब तक उनकी समस्या का निदान नहीं हो सकता है। दुकानदारों ने बताया कि पिछले तीन-चार महीनों से समस्या और ज्यादा बढ़ गई है। अब नालियों का पानी भी रिस कर दरारों में आने लगा है। इससे दरारें और गहरी होने लगी हैं। जल्द ही समस्या का निदान नहीं हुआ तो वो ठोस कदम उठाने को मजबूर होंगे। इसकी जिम्मेवारी नप प्रशासन की होगी।